
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ट्वीट कर बताया कि स्वर्ण जीतने वाले नीरज चोपड़ा को 1 करोड़, रजत जीतने वाले खिलाड़ियों को 50 लाख, जबकि कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा भारत की पुरुष हॉकी टीम को 1.25 करोड़ रुपये पुरस्कार के रूप में मिलेंगे।
बता दें कि भारत ने इस बार ओलंपिक में कुल 7 पदक जीते हैं। इसमें एक स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। इससे पहले देश को 2012 लंदन ओलंपिक में 6 पदक (2 रजत, 4 कांस्य) हाथ लगे थे। टोक्यो में भारत को भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण, वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और पहलवान रवि कुमार दहिया ने रजत पदक दिलाया। वहीं, शटलर पीवी सिंधु, पहलवान बजरंग पूनिया,महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal