सस्ती व सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: बृजेश पाठक

-मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें चिकित्सक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की प्राथमिकता में है। हमारी स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। प्रदेश की जनता को सस्ती व सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

बृजेश पाठक ने कहा कि कोविड प्रबंधन में उत्तर प्रदेश अव्वल रहा है। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में आरटीपीसीआर जांच की सुविधा उपलब्ध है। उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ 94 लाख कोविड टेस्ट किये गये। इस समय प्रदेश में कोविड के एक्टिव केस मात्र 300 हैं। वह बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि अब प्रदेश में आक्सीजन की कमी नहीं होगी। सरकार 536 नये आक्सीजन प्लांट स्थापित किये। अब प्रदेश में 559 आक्सीजन प्लांट हो गये हैं। पहले मरीजों को वेंटीलेटर नहीं मिलते थे। अब हमारे पास छह हजार 818 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं।

प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना से 12 लाख मरीजों का हुआ इलाज

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके तहत बीपीएल परिवारों को पांच लाख रूपये तक नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था है। उत्तर प्रदेश में 1.80 करोड़ आयुष्मान कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। इस कार्ड के तहत 12 लाख लोगों का इलाज हुआ है। इनके इलाज में 1200 करोड़ रुपये का व्यय हुआ है। बृजेश पाठक ने बताया कि आयुष्मान योजना के दायरे में और परिवारों को लाने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की गयी। इस योजना के तहत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को फायदा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश में 19 लाख क्षय रोगी चिन्हित किये गये हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि व अन्य विभाग भी क्षय रोगियों को गोद ले रहे हैं। वहीं संचारी रोगों के नियंत्रण पर भी प्रदेश सरकार काम कर रही है।

पाठक ने कहा कि चिकित्सक मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें। उत्तर प्रदेश में 1170 जन औषधि केन्द्र खोले गये हैं। इन केन्द्रों के खुल जाने से जहां आम जन को सस्ती दवाएं उपलब्ध हो रही हैं। वहीं दवाओं के दाम भी नियंत्रित हुए हैं। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com