रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी में सरकार

-मुख्यमंत्री योगी ने विभागीय प्रमुखों को 31 मई तक अधियाचन भेजने के निर्देश

-ऑनलाइन अधियाचन भेजने के लिए ऑनलाइन पोर्टल की होगी व्यवस्था

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विभागीय प्रमुखों को 31 मई तक अधियाचन भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी विभागीय रिक्तियों को शीघ्रता से भरने के लिए प्रतिबद्ध है। रिक्त पदों पर समयबद्ध चयन के लिए समय से अधियाचन भेजने के लिए ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आगामी चयन वर्ष की सीधी भर्ती के लिए सभी विभागों द्वारा अधियाचन 31 मई से पूर्व भेजा जाए, ताकि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन के लिए आगामी सौ दिनों में प्रदेश में कार्मिकों के पटल परिवर्तन की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। ज्येष्ठता आधारित विभागीय प्रोन्नतियों में एकरूपता के लिए उपयुक्तता का मानक निर्धारित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समय से पदोन्नति न होने से कार्मिक के मनोबल पर प्रतिकूल असर पड़ा है। सभी विभागों में सभी विभागीय प्रोन्नतियां 30 सितम्बर तक किया जाना सुनिश्चित करें। वर्ष 2022-23 से 2026-27 तक के लिए वार्षिक स्थानान्तरण नीति वर्तमान माह के अंत तक जारी की जाए।

विभागों के सीधी भर्ती के सभी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य रूप से इंडक्शन ट्रेनिंग की व्यवस्था लागू करें। हर प्रशासनिक विभाग द्वारा इंडक्शन ट्रेनिंग माड्यूल और वार्षिक प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार करें।

उन्होंने कहा कि एक वर्ष में सभी समूह ‘क’ एवं ‘ख’ के कार्मिकों की वार्षिक प्रविष्टि और संपत्ति विवरण को साफ्टवेयर प्रणाली से करने की व्यवस्था करें। होमगार्ड विभाग ने सतत प्रयासों से गत वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। होमगार्ड पुलिस बल के सहायक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी कार्य कुशलता और दक्षता में निरंतर प्रगति होनी आवश्यक है।

होमगार्ड स्वयंसेवकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिलाया जाना चाहिए। इस संबंध में विचार किया जाए। महिला हेल्प डेस्क पर सैनेटरी नैपकीन डिस्पेंसर और इंसेमिनेटर कि सुविधा होनी चाहिए। 1090 को पब्लिक सेफ्टी अवेयरनेस पॉइंट का दर्जा दिया जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com