जर्मनीः हैम्बर्ग के चर्च में गोलीबारी, सात की मौत, कई घायल

बर्लिन। जर्मनी के हैम्बर्ग शहर के एक चर्च में हुई गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।

जानकाारी के मुताबिक जर्मनी के हैम्बर्ग शहर के अलस्टरडॉर्फ क्षेत्र के ग्रॉस बोरस्टेल जिले में डेलबोगे स्ट्रीट में स्थित यहोवा विटनेस चर्च में देरशाम अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। अचानक हुई गोलीबारी से वहां अफरातफरी मच गई। इस आपाधापी में मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए, जिनमें से आठ गंभीर बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी कि बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया है। आसपास रहने वाले निवासियों को घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि हमलावर के फरार होने के अभी कोई संकेत नहीं हैं। यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि हमलावर मृतकों में तो नहीं शामिल है।

बताया गया कि हमलावर ने लगातार 12 राउंड फायर किया। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे के बाद पुलिस को गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को कई लोगों के शव मिले और कई लोग गंभीर रूप से घायल थे। पुलिस के पहुंचने तक भी ऊपर से गोली चलने की आवाज सुनाई दे रही थी। जब पुलिस अधिकारी ऊपर गए तो उन्हें एक और व्यक्ति मृत मिला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com