प्रत्येक इण्डस्ट्रियलिस्ट व इन्वेस्टर्स के निवेश एवं हितों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताः नन्दी

  • औद्योगिक इकाईयों दी गई 2500 करोड़ से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि
  • प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को धरातल पर साकार करना सरकार की प्राथमिकता

लखनऊ। मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के अंतर्गत 102 उद्यमी मित्रों को नियुक्ति पत्र वितरण एवं औद्योगिक विकास और खाद्य प्रसंस्करण नीति के अंतर्गत 232 करोड़ प्रोत्साहन राशि के संवितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खुशहाली और समृद्धि की नई ऊंचाई छू रहा है। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति के शिखर पर पहुँचने की ओर निरन्तर आगे बढ़ रहा है।

देश की सबसे बड़ी आबादी और सबसे ज्यादा संसाधनों वाला प्रदेश होने के कारण उत्तर प्रदेश सबसे अधिक संभावनाओं वाला प्रदेश है। हमारी सरकार इन संभावनाओं को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी रोडमैप के साथ आगे बढ़ रही है। हमारी सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमारे वादे और इरादे दोनों पक्के हैं। विभिन्न औद्योगिक नीतियों के अंतर्गत प्रदान किए जाने वाले इंसेंटिव हमारी इसी सोच को दर्शाते हैं। अलग-अलग निवेशकों को लगभग 232 करोड़ से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। अब तक विभिन्न औद्योगिक इकाईयों को लगभग 2500 करोड़ से ज्यादा का इंसेंटिव प्रदान किया जा चुका है। इस प्रकार के सकारात्मक प्रयास सरकार और उद्यमियों के बीच की साझेदारी को मजबूत एवं विश्वसनीय बनाते हैं।

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 में प्राप्त 33 लाख 50 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, जो बढ़कर 36 लाख करोड़ से ज्यादा के हो गये हैं। इस बात का प्रमाण हैं कि हमने इन्वेस्टर्स का भरोसा और विश्वास जीता है। बहुत जल्द ही लगभग दस लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन करने जा रहे हैं।

विभिन्न जनपदों में निवेश के लिए प्राप्त एमओयू के आधार पर मैपिंग की गयी है। आवश्यक जमीन एवं अन्य आवश्यकताओं को चिन्हित कर लिया गया है। हमारा प्रयास है कि स्थानीय स्तर ही इण्डस्ट्री की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही उस क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिले। प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को धरातल पर साकार करना सरकार की प्राथमिकता है। आज का यह कार्यक्रम उसी प्राथमिकता को प्रदर्शित करता है।

प्रत्येक निवेशक, प्रत्येक इण्डस्ट्रियलिस्ट उत्तर प्रदेश का मित्र है। प्रदेश की औद्योगिक एवं आर्थिक विकास यात्रा का साथी है, सहयोगी है। हमें आगे बढ़कर, बाहें फैलाकर उनका स्वागत करना है। उद्यमी मित्र सरकार की इसी संकल्पना को साकार करेंगे। प्रत्येक कदम पर इन्वेस्टर्स की सहायता और मार्गदर्शन हमारा कर्तव्य है। उनकी सुविधा और सहूलियत का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है।

माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनरूप प्रत्येक एमओयू वास्तविक स्वरुप ले इसके लिए आप सभी को पूरी क्षमता, निष्ठा और परिश्रम से कार्य करना होगा। आपकी भूमिका और दायित्व बेहद महत्त्वपूर्ण है। मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि यह पहल निवेश परियोजनाओं को नई गति प्रदान करेगी। आप सभी समन्वय व संवाद के माध्यम से सरकार और उद्यमियों के बीच सम्पर्क सेतु बनने का काम करेंगे।
प्रत्येक इण्डस्ट्रियलिस्ट व इन्वेस्टर्स को भरोसा दिलाता हूँ कि उनके निवेश एवं हितों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्य मंत्री जी के नेतृत्व में हम सभी इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com