लखनऊ खेल महोत्सव : अशिका ने लांग जम्प और शिवानी ने शॉटपट का स्वर्ण जीता

लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लखनऊ खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की भीड़ उमड़ी। लखनऊ के आठ जोनों से चुनी हुई पांच खेलों की टीमों की तरफ से करीब 1250 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी तीन सौ पदकों के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। शनिवार को शुरु हुए इस दो दिवसीय खेल के पहले दिन चार स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ। इसमें अशिका ने लांग जम्प और शिवानी ने शॉटपट के स्वर्ण पदक जीते। वहीं पुरुषों में लांग जम्प का स्वर्ण पदक प्रथम त्रिपाठी ने जीता। शॉटपट में सत्या अव्वल रहे। फुटबाल में अलीगंज, न्यू ब्वायज, हॉकिन्स और चौक स्पोर्टिंग की टीमें पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।

क्रीड़ा भारतीय की तरफ से आयोजित किए जा रहे लखनऊ खेल महोत्सव का उद्घाटन खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए तत्पर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम ऊंचा कर रहे खिलाड़ियों को ना सिर्फ नगद पुरस्कार बल्कि राजपत्रित अधिकारियों की नौकरी दी जा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने, राष्ट्र और चरित्र निर्माण की शपथ दिलाई।

क्रीड़ा भारतीय के प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि इन खेलों में लखनऊ के आठ जोनों में हुई खेल प्रतियोगिताओं में चुनी गई टीमें हिस्सा ले रही हैं। एक साथ वॉलीबाल, फुटबाल, एथलेटिक्स, कबड्डी और खो-खो में महिला एवं पुरुष की प्रतियोगिताएं हो रही हैं।

अशिका के नाम रहा पहला स्वर्ण

एथलेटिक्स में अशिका ने लांग जम्प में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेलों का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अशिका ने 4.83 मीटर की छलांग लगाई। रजत पदक शिवानी सिंह ने और कांस्य प्रिया मिश्रा ने जीता। शॉटपट का स्वर्ण शिवानी के नाम रहा। उन्होंने 7.64 मीटर का थ्रो लगाया। कनिष्का ने रजत और अलंकृता ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की लांग जम्प का स्वर्ण प्रथम त्रिपाठी ने जीता। उन्होंने 6.44 मीटर की छलांग लगाई। पुरुषों में 12,39 मीटर का थ्रो लगातर सत्या ने शाटपट का स्वर्ण पदक जीता।

परिणाम एथलेटिक्स 

  1. लांग जम्प महिला : स्वर्ण-अशिका, रजत- शिवानी सिंह, कांस्य- प्रिया मिश्रा।
  2. शॉटपट महिला : स्वर्ण- शिवानी, रजत- कनिष्का, कांस्य- अलंकृता
  3. लांग जम्प पुरुष : स्वर्ण- प्रथम त्रिपाठी, रजत- नन्दन वर्मा, कांस्य- सुशील कुमार
  4. शॉटपट पुरुष : स्वर्ण- सत्या, रजत- ईशांत यादव, कांस्य- आयुष पटेल

खो-खो बालिका क्वार्टर फाइनल :

  1. सेंट जोसेफ राजाजीपुरम ने हराया बीकेटी इण्टर कॉलेज को 5-4 से
  2. सेंट जैवियर ने हराया गुरुनानक कॉलेज को 9-2 से
  3. गांधी विद्यालय ने हराया केवी कैंट को 4-2 से

फुटबाल पुरुष क्वार्टर फाइनल :

  1. अलीगंज ने हराया वर्धवान को 2-0 से
  2. न्यू ब्वायज ने हराया राइज को 2-0 से
  3. हाकिन्स ने हराया एलडीए को 1-0 से
  4. चौक ने हराया सुपर स्ट्राइकर को 2-0 से

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com