स्पेन के राजा ने राफेल नडाल को ‘मार्क्विस’ की उपाधि दी

मैड्रिड : टेनिस के महान खिलाड़ी राफेल नडाल को स्पेन के राजा फेलिपे VI ने गुरुवार को ‘मार्क्विस’ की उपाधि से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें खेल के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान और देश के लिए गौरव बढ़ाने के लिए दिया गया है।

राजमहल की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “वे (सम्मानित व्यक्ति) स्पेन के लिए गर्व का कारण हैं और उन मूल्यों के प्रतीक हैं जो समाज को प्रेरणा दे सकते हैं।”

22 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल ने पिछले वर्ष पेशेवर टेनिस से संन्यास लिया था। उन्हें यह उपाधि राजा फेलिपे VI के शासनकाल की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दी गई, जिसमें छह विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

अन्य जिन हस्तियों को उपाधियां दी गईं, उनमें प्रसिद्ध पॉप-रॉक गायिका लूज़ कासाल और पैरालंपिक तैराक टेरेसा पेरालेस शामिल हैं।

नडाल को अब उनके गृह द्वीप ‘मायोर्का’ के नाम पर ‘मार्क्विस ऑफ ल्लेवान्त डी मायोर्का’ की उपाधि प्राप्त हुई है। यह एक वंशानुगत उपाधि होगी, जिसे उनके वंशज आगे प्राप्त कर सकेंगे।

39 वर्षीय नडाल ने फ्रेंच ओपन को रिकॉर्ड 14 बार जीतकर इतिहास रचा है। उन्हें पिछले महीने रोलां गैरो में सेंट्रल कोर्ट पर एक स्थायी ‘फुटप्रिंट’ के साथ सम्मानित किया गया था।

यह उपाधि स्पेन में नडाल की असाधारण विरासत और खेल में उनकी उपलब्धियों को हमेशा के लिए स्मरणीय बनाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com