दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के तट पर किया योग, सफाई का संकल्प दोहराया

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सुबह यमुना नदी के तट पर योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नदी किनारे आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मां यमुना हमारी आस्था का प्रतीक है। सालों से सत्ता में रही सरकारों ने यमुना की अनदेखी की है। भारतीय जनता पार्टी (हमने) ने दिल्ली की सत्ता संभालते ही यमुना नदी को साफ करने का बीड़ा उठाया।

उन्होंने कहा हम लोगों ने इसी नदी के किनारे योग किया। दिल्ली के लोग देख लें कि मां यमुना को पावन करने का काम जारी है। जल्द ही यहां क्रूज चलेंगे। पहली बार यमुना नदी को साफ करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारी कोशिश होगी कि अगर यमुना नदी में पानी की एक भी बूंद गिरे तो वो साफ हो।

रेखा गुप्ता ने इससे पहले एक्स हैंडल पर लिखा, ”दिल्लीवासियों का हृदय से धन्यवाद। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी के 11 स्थलों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में आपकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज एक साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है।”

उन्होंने एक्स पर कहा कि दिल्ली के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी संगठनों और समर्पित योग साधकों के सहयोग और भागीदारी से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना। रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक परंपराएं आज वैश्विक गौरव प्राप्त कर रही हैं। योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने का श्रेय उन्हीं को जाता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com