केंद्रीय मंत्री ने राहुल के बयान की निंदा और स्वीकारा फिटनेस चैलेंज

बहराइच। केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। कांग्रेस सिमटकर चार राज्यों में रह गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के पीएम के योगाभ्यास पर किए गए कमेंट को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि योग भारत की संस्कृति व अध्यात्म की पहचान हैं। विश्व के 163 देशों ने इसे अपनाया है। इससे देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी के गुड गवर्नेंस, काम करने के तरीके और पारदर्शी व्यवस्था ने देश को विश्व पटल पर पहुंचाया है।  केंद्रीय मंत्री गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

आठ जिलों के प्रभारी मंत्री हैं महेश

प्रदेश के अति पिछड़े आठ जिलों के प्रभारी मंत्री नामित किए जाने पर वे पहली बार बहराइच पहुंचे थे। राहुल गांधी के पीएम के योगाभ्यास पर किए गए तंज का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश की सत्ता पर 60 साल काबिज रहने वाले अब चार छोटे राज्यों में सिमट कर रह गए हैं। जिस योग को 163 देशों ने अपनाकर भारत का गौरव बढ़ाया है, उस पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के तंज उन पर एक कलंक हैं। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में हार प्रधानमंत्री मोदी की निष्ठा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्य क्षमता का पैमाना नहीं है। 

आरएसएस के राष्ट्र समर्पण को समझे

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के राज्यपाल राम नाईक की आत्मा में आरएसएस बसा है, के बयान पर डॉ. शर्मा ने कहा कि आरएसएस एक सामाजिक संगठन है जो राष्ट्र के निर्माण की बात करता है संवर्धन का काम करता है। आरएसएस पर सवाल खड़ा करने वाले लोग अपना स्तर खुद ही गिरा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल की जमकर तारीफ की। कहा कि राज्यमंत्री ने ही संगठन में उन्हें आगे बढ़ाया है।

एडीजी बरेली ने स्वीकारा मोदी का फिटनेस चैलेंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिटनेस चैलेंज यूपी के डीजीपी ओपी सिंह के बाद एडीजी बरेली प्रेमप्रकाश ने गुुरुवार को स्वीकार कर लिया। उन्होंने फरीदपुर रोड पर एमएस धोनी क्लब में चार घंटे बिताए। इस दौरान एडीजी ने मैदान में दौड़ लगाई। योग किया। क्रिकेट मैच खेला। इस क्रम में वह नौजवान पुलिस वालों पर भारी पड़ते दिखे। प्रधानमंत्री का फिटनेस चैलेंज स्वीकार करने के बाद एडीजी सुबह सात बजे गांधी उद्यान गए। दौड़कर गांधी उद्यान का चक्कर लगाया इसके बाद योग किया। गांधी उद्यान के बाद एडीजी फरीदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एमएस धोनी क्लब पहुंचे। फरीदपुर थाने के पुलिस कर्मियों को बुलाया गया। यहां एडीजी ने पहले परेड ली। इसके बाद एडीजी ने पुलिसकर्मियों के साथ पूरे मैदान का चक्कर लगाया। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com