लखनऊ पहुंचे राजनाथ ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

लखनऊ :  राजधानी दौरे पर लखनऊ पहुंचे केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि मोदी सरकार के किसी भी मंत्री के दामन पर कोई दाग नहीं है। वह लखनऊ लोकसभा सीट से दोबारा प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे। आलमबाग स्थित केके पैलेस में आयोजित पंजाबी सांस्कृतिक मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि जितनी क्षमता थी लखनऊ के लिए उतना किया, अब बारी जनता की है। जनता तय करे कि क्या करना है। राजनाथ ने कहा कि पिछले पांच साल में लखनऊ में 24 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ। जिले के विकास के लिए हर संभव कोशिश की, अब यहां की जनता ही तय करे कि क्या करना है। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश मजबूत हुआ है। जवानों ने पाकिस्तान की धरती पर जाकर आतंकियों को सबक सिखाया है। आने वाले वक्त में देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रो में गतिविधियां 60 फीसद कमी हुई है। नार्थ ईस्ट में भी स्थिति नियंत्रण में है।

गृहमंत्री ने कहा कि सिख दंगे में पीड़ितों के परिजनों को सरकार ने 90 करोड़ दिए हैं। करतार कॉरिडोर की समीक्षा कर रहा हूं। इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री से सहयोग लिया जा रहा है। गुरुनानक जी का 550वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री ने मुझे दी है। अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा पर बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा कि जो सपना था, उसे पूरा करने का प्रयास किया गया है। अन्यों राज्यों से निवेश किया जा रहा है। चारबाग स्टेशन का विकास हो रहा है। लखनऊ एयरपोर्ट पर 1300 करोड़ का कार्य हुआ है। इससे व्यापार की गतिविधि बढ़ेगी। सुल्तानपुर पर वर्ड क्लास का रोड बनवाया जा रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत वर्ड फास्टेस्ट ग्रोइंग कंट्री बन गया है। टॉप टेन में 5वें स्थान पर है। यह सिर्फ पांच साल में हुआ है। आने वाले 2028 तक टॉप-3 में होगा।

एयर स्ट्राइक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुलवामा की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैठक करके भारत से ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान की धरती से आतंकवाद खत्म करने का प्रयास किया है। उन्होंने होली मिलन समारोह के मौके पर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और चुनाव में जी-जान से जुट जाने के लिए आह्वान किया। साथ ही आज से अपने चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया। शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में गृहमंत्री अपने कार्यकाल में शहर के विकास के लिए किए गए कामों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखा। इसके पूर्व गृहमंत्री का अमौसी एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। वहीं, उनके समर्थन में खूब नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने 01 किलोमीटर लम्बी मानव श्रृंखला बनाकर राजनाथ सिंह का अभिनन्दन किया। उनके काफिला पर फूलों की वर्षा की गयी। गौरतलब है कि अपने एक दिवसीय दौरे तहत वह शहर में अन्य कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद आज रात में ही लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिये रवाना हो जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com