24 जून को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे शाह, बीजपी का होमवर्क पूरा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का 24 जून को देहरादून दौरा संभावित है। माना जा रहा कि इस दौरान वह प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप के अलावा प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। साथ ही पिछले साल दून प्रवास के दौरान दिए गए लक्ष्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं। इसे देखते हुए प्रदेश भाजपा नेतृत्व होमवर्क में जुट गया है। 

प्रचंड बहुमत से राज्य में सत्तासीन होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पिछले साल सितंबर में दो-दिवसीय दौरे पर देहरादून आए थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर प्रांत से लेकर मंडल स्तर तक के लिए लक्ष्य निर्धारित किए थे। हालांकि, प्रदेश भाजपा नेतृत्व का दावा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से दिए गए सभी लक्ष्यों को हासिल कर लिया गया है। इस संबंध में रिपोर्ट भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जा चुकी है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह फिर से देहरादून आ रहे हैं। 

बताते हैं कि हाल में प्रदेश भाजपा के नेताओं से दिल्ली में मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का 24 जून को देहरादून का कार्यक्रम बना। माना जा रहा कि अपने इस एक दिवसीय प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष शाह कार्यकर्ताओं से अलग-अलग संवाद करने के साथ ही पिछले साल दिए गए लक्ष्यों के बारे में जानकारी ले सकते हैं। यही नहीं, अगले साल लोकसभा चुनाव भी हैं तो इस लिहाज से भी उनके प्रवास को अहम माना जा रहा है। इस दौरान वह पार्टीजनों को लोस चुनाव में जीत का मंत्र दे सकते हैं। 

वहीं, भाजपा अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रांतीय नेतृत्व तैयारियों में जुट गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार अभी राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है, मगर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में कोर ग्रुप, सांसद, विधायक के साथ ही पार्टी नेताओं से बैठकों के बाद वर्तमान में चल रहे कार्यक्रमों की संपूर्ण जानकारी और भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा का ब्योरा तैयार कर लिया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com