स्वतंत्र देव सिंह बने यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने स्वतंत्र देव सिंह को उत्तर प्रदेश इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अब डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय की जगह सूबे में पार्टी संगठन की कमान थामेंगे। भाजपा ने यहां एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्वतंत्र देव सिंह को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के चलते यह भाजपा अध्यक्ष ने यह फैसला किया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रिमंडल में स्वतंत्र देव सिंह मंत्री हैं। उनके पास परिवहन विभाग का स्वतंत्र प्रभार है। उल्लेखनीय है कि सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक गांव में 13 फरवरी, 1964 को हुआ। उन्होंने बुंदेलखंड के जालौन को अपनी कर्मभूमि बनाया औऱ यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ने के बाद भाजपा की राजनीति में सक्रिय हुए और उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद तक पहुंचे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com