अनुच्छेद-370 पर राहुल गांधी का बयान देशहित में नहीं : अमित शाह

मुंबई : महाराष्ट्र में एक अगस्त से शुरू हुई भाजपा की महाजनादेश यात्रा का रविवार (एक सितम्बर) को समापन हो गया। समापन सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद-370 के संदर्भ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान देश के हित में नहीं है। उनके बयान को पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में इस्तेमाल किया। शाह ने कहा कि कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार में देश में 12 लाख करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था, लेकिन देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सूबे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कालखंड में किसी भी तरह का घोटाला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राकांपा सिर्फ अपने परिवार तक ही सीमित हैं। सत्ता में आते ही बेटी-बेटा, रिश्तेदार सत्ता सभालते हैं। राज्य की सत्ता शरद पवार के हाथ में आते ही उनके भतीजे अजीत पवार सिंचाई मंत्री बने और 74 हजार करोड़ रुपये की घोटाला किया। राज्य में कहीं भी खेत में पानी नहीं पहुंचा था। भाजपा के शासनकाल में ऐसा नहीं है। भाजपा सरकार में आमलोगों को महत्व दिया जाता है। महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार बनने के पांच साल बाद सूबे के 22 हजार गांवों में हरियाली आ गई है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र से हर स्तर पर पैसे दिये हैं। जिससे राज्य का विकास तेजी से हो रहा है। कांग्रेस व राकांपा के शासनकाल में महाराष्ट्र पिछड़ गया था। विकास का पैसा घोटालों की भेंट चढ़ जा रहा था, लेकिन अब भाजपा की सरकार में राज्य का विकास हो रहा है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा की महाजनादेश यात्रा एक अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चली। यह यात्रा दो चरणों में पूरी हुई। पहला चरण एक अगस्त से नौ अगस्त तक अमरावती के मोझरी से नंदूरबार तक चला। इसमें विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र कवर किया गया। दूसरा चरण 17 से 31 अगस्त तक चला, जो औरंगाबाद से शुरू होकर नासिक तक चला। इस दौरान मराठवाड़ा, पश्चिम महाराष्ट्र, कोंकण और उत्तर महाराष्ट्र कवर किया गया। इस यात्रा का एक सितम्बर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने समापन किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com