हरियाणा में डबल इंजन सरकार ही कर सकती है लोगों का भला : मोदी

पीएम ने राजा नाहर सिंह की धरती से किया हरियाणा विधानसभा चुनाव का शंखनाद

फरीदाबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को शहीद राजा नाहर सिंह की धरती से कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार को लेकर जमकर वार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास के लिए आज डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, एक इंजन दिल्ली से कमान संभाल रहा है और दूसरा हरियाणा में रहकर विकास की रफ्तार बढ़ा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा में भाजपा के कैप्टन की बात करने वाले विपक्षी दल आज अपनी बिखरी टीम को समेटने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। वो खुद को जितना समेटने की कोशिश कर रहे हैं, वे उतने ही बिखरते जा रहे हैं। जबकि भाजपा के पास हरियाणा में मनोहर लाल के रूप में मजबूत और सक्षम कैप्टन है। पांच साल में हरियाणा ने विकास की नई बुलंदियां छुआ है। माेदी ने आह्वान किया कि 21 अक्टूबर को आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि हरियाणा में फिर से डबल इंजन की सरकार बने या फिर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले कांग्रेसियों की। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा में युवा, किसान, श्रमिक सहित सभी वर्गाें को नई उम्मीदों और सपनों के लिए कमल के निशान पर दबाया गया बटन हरियाणा में विकास की नई गाथा लिखेगा।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को सेक्टर-61 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के अलावा पलवल, फरीदाबाद, मेवात व गुरुग्राम जिलों के 16 विधानसभा क्षेत्रों से आए उम्मीदवारों ने भाग लिया। मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अपने-अपने स्वार्थ व अहंकार के कारण अपने-अपने कुनबे की हिफाजत के लिए बिखरने वाले लोग हरियाणा के विकास के बारे में क्या सोच पाएंगे और इस प्रदेश का क्या भला करेंगे। प्रधानमंत्री ने कांग्रेसियों से सीधा सवाल किया कि कांग्रेसियों को अगर आर्टिकल 370 व 35ए से इतना ही प्यार है तो वह हरियाणा विधानसभा चुनावों में गांव-गांव जाकर इसे मुद्दा बनाते हुए लोगों को इसके लाभ बताएं। उन्होंने कहा कि 370 का त्याग उस मां से पूछे जिसने अपना जवान बेटा जम्मू कश्मीर में शहीद करवा दिया। उस बहन से जितने अपना भाई खो दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com