साध्वी प्रज्ञा ठाकुर: महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र और हमारे लिए आदरणीय

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार अपने बयान में उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को राष्ट्रपुत्र बताया है। साध्वी ने कहा है कि महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं।

दरअसल, भोपाल रेलवे स्टेशन के एक कार्यक्रम में पहुंचीं साध्वी प्रज्ञा से मीडिया कर्मियों ने उनके संकल्प यात्रा में अब तक शामिल न होने को लेकर सवाल किया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ‘गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं लेकिन मुझे किसी को सफाई नहीं देनी।’

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में गांधी संकल्प यात्रा निकाली जा रही है, लेकिन साध्वी प्रज्ञा ने अभी तक इसमें हिस्सा नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि जिसने जो भी सराहनीय कार्य किया है, वह हमारे लिए आदरणीय होता है। हम ऐसे लोगों के बताए मार्ग पर चलते हैं और उनका गुणगान करते हैं।

साध्वी ने न सिर्फ महात्मा गांधी बल्कि भगवान राम, शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप को भी धरा का पुत्र बताया। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के कहने पर हम अपने सिद्धांत नहीं बदलेंगे। जो अच्छा है, वह स्वीकार है और जो गलत है, वह अस्वीकार है।

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मुझे किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मैं राष्ट्र के लिए जीती हूं और राष्ट्र के लिए ही मरती हूं। मेरे सिद्धांत राष्ट्र के लिए हैं। मेरी सांस और चेतना राष्ट्र के लिए चलती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com