बेटियों का लड़कों से आगे निकलना बदलते भारत का प्रत्यक्ष उदाहरण : आनंदीबेन

राज्यपाल ने जननायक चंद्रशेखर विवि के प्रथम दीक्षांत समारोह को किया संबोधित
बलिया : जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बहुद्देश्यीय सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में चार हजार 35 विद्यार्थियों को उपाधि दी गई। उपाधि प्राप्त करने वालों में लड़कियों की संख्या अधिक देख प्रदेश की राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों का लड़कों से आगे निकलना बदलते भारत का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बहुद्देश्यीय सभागार में चार हजार 35 विद्यार्थियों को उपाधि दी गई। इसमें 1353 छात्र व 2682 छात्राएं हैं। 27 मेधावियों को गोल्ड मेडल दिया गया, जिनमें भी सर्वाधिक 24 छात्राएं शामिल थीं। मेधावियों को गोल्ड मेडल व उपाधि वितरण के बाद राज्यपाल ने कहा कि लड़कियों के इतनी बड़ी संख्या में उपाधि पाने से प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का सपना साकार हो रहा है। इसके पहले दीक्षांत समारोह की शुरुआत मां सरस्वती व पूर्व पीएम चंद्रेशखर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके की गई।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश की राज्यपाल व राज्य के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में शिक्षा में संस्कारों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्कार ही व्यक्ति को मूल्यवान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि बलिया का गौरवशाली इतिहास रहा है। मंगल पांडेय इसी मिट्टी की उपज थे। इस धरती ने ऐसे लोगों को पैदा किया, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। साहित्य के क्षेत्र में भी बलिया का योगदान रहा। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी भी यहीं पैदा हुए। चंद्रेशखर का देश की राजनीति में अहम योगदान था।उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह विवि बलिया के गौरवशाली और समृद्ध आधारशिला को मजबूत करेगा।राज्यपाल ने शिक्षा को सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के विकास हेतु प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में शोध की गुणवत्ता पर जोर देना होगा, ऐसी युवा पीढ़ी तैयार हो जो वर्तमान वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सक्षम हो। भारतीय चिंतन परंपरा में शिक्षा को चारित्रिक प्रगति का माध्यम माना गया है। आज पूरी दुनिया भारतीय चिंतन प्रणाली की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों से कहा कि कक्षाओं में जीवन समाप्त नहीं होता बल्कि यहां से शुरुआत होती है। विवेकानंद को उद्धृत करते हुए कहा कि पीछे मत देखो बल्कि आगे देखो।

मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा के कुलपति प्रो. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा ऐसी न हो जो सिर्फ ज्ञानदायी हो बल्कि जीवन में विनम्रता और नौतिक मूल्यों का सृजन व संपोषण भी करती हो। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की उन्नति हस देश की युवा पूंजी में निहित होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय ज्ञान-विज्ञान का सर्वोत्तम केंद्र के रूप में विकसित होगा। 130 महाविद्यालयों वाले जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेंद्र सिंह ने बलिया को क्रांतिकारियों व विद्वानों की भूमि बताते हुए कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया। उन्होंने कुलाधिपति के जीवन यात्रा व व्यक्तित्व से परिचित कराया। अपने स्वागत संबोधन में कुलपति ने हाल ही में विवि के जलप्लावन व अन्य समस्याओं पर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट किया। इस मौके पर डीएम श्रीहरि प्रताप शाही व कुलसचिव संजय कुमार भी थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशा राघव ने किया। इस अवसर पर कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने स्मारिका मंथन का विमोचन किया। इसके बाद कुलपति प्रोफेसर योगेंद्र सिंह ने राज्यपाल व मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार सिंह को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com