भाजपा सरकार में बढ़ रहा किसानों का उत्पीड़न : आराधना मिश्रा

लखनऊ : कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से सत्ता में आयी है, तब से किसानों का उत्पीड़न बढ़ता ही जा रहा है। जिस मानसिकता से अंग्रेजों ने देश के किसानों का शोषण किया था, वही व्यवहार भाजपा किसानों के साथ कर रही है। आराधाना मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि प्रदेश में गन्ना किसान आन्दोलित हैं किन्तु भाजपा सरकार हमेशा उनको धोखा ही देती रही है। लगातार पिछले दो सालों में गन्ने के मूल्य में कोई वृृद्धि नहीं हुई है। अगैती में 325 रुपये, सामान्य में 315 रुपये तथा अन्य में 310 रुपये जो राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) लागू की गयी थी उसमें कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि बिजली के दाम बढ़ये गये, उर्वरक के दाम बढ़े, डीजल-पेट्रोल महंगा हुआ, कीटनाशक दवाओं के दाम बढ़े, सिंचाई, निराई-गुड़ाई, मजदूरी बढ़ी किन्तु गन्ने के मूल्य में कोई वृृद्धि नहीं की गयी जबकि गन्ना उत्पादन की लागत काफी बढ़ गया है।
इसका सीधा असर गन्ना किसानों पर पड़ रहा है। गन्ने के मूल्य न बढ़ाये जाने से इसके किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि गन्ना प्रदेश में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नकदी फसल है और प्रदेश के लगभग 40 जिलों में गन्ने की खेती होती है। लगभग 50 लाख किसान गन्ने की फसल पैदा करते हैं। इन किसानों के परिवार के लगभग 2.50 करोड़ लोग जुड़े हैं, जो सरकार की गलत नीतियों के कारण सीधे प्रभावित होते हैं। कांग्रेस पार्टी गन्ना किसानों के उत्पीड़न की कठोर शब्दों में निन्दा करती है और भाजपा सरकार से मांग करती है कि पुनर्विचार करते हुये गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाये। लागत में 50 प्रतिशत समर्थन मूल्य तय किया जाये।

‘अपराधी बचाओ, नारी सताओ’ की राह पर चल रही भाजपा : आराधना

शाहजहांपुर : कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा ने गुरुवार को शाहजहांपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने देश मे बढ़ती बलात्कार की घटनाओं और किसानों के शोषण का आरोप देश और प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगाया। शाहजहांपुर के टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचीं आराधना मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के शासनकाल में ही महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं और सरकार दुष्कर्मियों को संरक्षण देने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के डीएनए में ही महिलाओं का विरोध है और यही वजह है कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा आज अपराधी बचाओ, नारी सताओ की राह पर चल रही है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार द्वारा दिये गए बयान कि ‘यूपी में कानून व्यवस्था सही है‘ की निंदा की और कहा कि यूपी में महिलाओं पर आये दिन अत्यचार हो रहे हैं। हमारी बेटियों के साथ रेप करके उन्हे जलाया जा रहा है ये बहुत ही शर्म की बात है।

आराधना मिश्रा ने कहा कि उन्नाव सहित यूपी में लगातार हो रही रेप की घटनाओं से प्रदेश ही नहीं पूरा देश शर्मसार है। अकेले उन्नव में ग्यारह माह के दौरान दुष्कर्म के 51 मुकदमे दर्ज हुए हैं। भाजपा ने चुनाव के समय अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि महिला सुरक्षा के लिए तीन महिला बटालियन तथा हर जिले में तीन महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किये जायेंगे। महिला उत्पीड़न के मामलों की जांच के लिए एक हजार महिला अफसरों का जांच विभाग बनाया जाएगा तथा इन मामलों पर त्वरित कार्यवाही के लिए 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाएंगी। जबकि चुनाव के समय जनता से किये गये ये सारे वादे आज हवा हवाई साबित हो रहे हैं। प्रदेश में गन्ना किसानो द्वारा किये जा रहे प्रदर्शन का समर्थन करते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। जब तक किसान का विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास सम्भव नहीं है। भाजपा की सरकार किसान विरोधी है और उसने देश के अन्नदाताओं को ठगा है।

[/checklist]

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com