सीएए के विरोध में वामपंथ की साजिश, इसे कांग्रेस ने अपनाया : योगी

गोरखपुर : नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) के समर्थन में रविवार को गोरखपुर में आयोजित रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वामपंथ और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इस कानून के खिलाफ हो रहे विरोध में वामपंथ की साजिश है। वामपंथ में एक सिद्धांत है। एक झूठ को 100 बार बोलो तो वह सत्य हो जाएगा। वे उसी सिद्धांत पर चल रहे हैं, इस सिद्धांत को कांग्रेस सहित अन्य दलों ने अंगीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक्ट लोगों को नागरिकता देने के लिए बना है ना कि छीनने के लिए। किसी भी भारतीय नागरिक को इससे नुकसान नहीं है। विपक्ष इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहा है। सीएए और सरकार के खिलाफ विषवमन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की ताकत बनकर उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में ताकत का एहसास करा रहा है। कुछ लोगों को यह अच्छा नहीं लग रहा है। वे जाने अनजाने में सीएए मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। सरकार और कानून पर विषवमन कर रहे हैं। ऐसे में हमें यह स्थिति साफ करनी होगी। उन्होंने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सभी को मकान, किसान सम्मान निधि, शौचालय, गैस मिला। 26 मई 2014 युग परिवर्तन की तिथि थी, पहली बार हुआ। आधारभूत संरचना का निर्माण तेजी से शुरू हुआ। प्रधानमंत्री पुरजोर तरीके से कहते हैं कि 2024 तक हर घर में नल के जरिये शुद्ध पेयजल पहुंचाएंगे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों का ध्यान भटकाकर विरोधी विकास में अड़ंगा डालना चाहते हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने रैली में आये गोरखपुर क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं, आगन्तुकों, मीडियाकर्मियों का स्वागत भाषण किया तथा संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सहजानन्द राय ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह, काशी व गोरखपुर क्षेत्र संगठन मंत्री रत्नाकर जी, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, पूर्व एमएलसी विनोद पांडेय, सांसद रवि किशन शुक्ला, सांसद रविंद्र कुशवाहा, सांसद कमलेश पासवान, सांसद विजय दूबे, सांसद प्रवीण निषाद, सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक गण फतेह बहादुर सिंह, विमलेश पासवान, पवन केडिया, जटाशंकर त्रिपाठी, जन्मेजय सिंह, महिला आयोग उपाध्यक्ष पूर्व मेयर अंजू चैधरी सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

सीएम ने सुनी फरियाद, त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुबह गोरखपुर मंदिर परिसर में लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और उसके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। दूर-दूर से पहुंचे लोगों के ज्ञापन लेकर उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और इसके बाद उसके त्वरित निस्तारण के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के गोरखपुर प्रवास के दौरान रविवार को सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिन्दू सेवाश्रम में प्रशासन ने सभी को कुर्सी देकर पहले से ही कतारबद्ध बैठा दिया था। दूर-दूर के जिलों से आये लोग पहले से ही अपने ज्ञापन हाथ में लेकर बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री एक-एक कर लोगों के पास गए और उनका ज्ञापन लेते हुए मौखिक रूप से भी समस्याओं के बारे में जाना। समस्या सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को उसका त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com