संविधान के मुताबिक आचरण करने का लें संकल्प : योगी

संविधान दिवस पर देशवासियों को दी बधाई

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने संविधान दिवस पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से संविधान के मुताबिक आचरण करने के लिए संकल्पित होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि “संविधान दिवस” की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हमें सर्वसमावेशी, समतामूलक, मानवीय मूल्यों एवं अंत्योदय की भावना से पूरित संविधान प्रदान करने वाले हुतात्माओं को कोटिशः नमन। उन्होंने कहा कि आइए, आज के पावन अवसर पर हम सभी अपने देश के महान संविधान के अनुसार आचरण करने हेतु संकल्पित हों। उप्र विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि आज 26 नवम्बर के दिन ही गुलामी की जंजीरों से आजाद होकर अपने स्वतंत्र अस्तित्व को आकार देने का प्रयास कर रहे राष्ट्र ने संविधान को अंगीकार किया था। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संविधान दिवस के शुभ अवसर पर सभी भारतवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार “सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास” के मूलमंत्र के साथ भारत को समृद्ध भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय “संविधान दिवस” पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारतीय नागरिकों के लिए न्याय, सत्यता, स्वतंत्रता, समरूपता एवं भ्रातृत्व प्रदान करने वाले भारत के सर्वोच्च विधान के स्वीकृति दिवस पर “भारतीय संविधान” के निर्माताओं एवं सहयोगकर्ताओं को सादर नमन। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। देश को एक प्रगतिशील और लोकतान्त्रिक संविधान देने वाले महामानव बाबा साहेब भीमराव रामजी अंबेडकर को शत-शत नमन। समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि समस्त देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। संविधान हमारे लोकतंत्र का हृदय, आत्मा और मार्गदर्शक प्रकाश है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com