यूपी भाजपा मुख्यालय से अटल बिहारी की अस्थि कलश यात्रा झूलेलाल वाटिका रवाना

लखनऊ। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कलश यात्रा में लखनऊ में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी से उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक सड़क के दोनों तरफ लोग उनके अंतिम दर्शन को व्याकुल थे। अब अटल जी की अस्थि कलश यात्रा भाजपा दफ्तर से झूलेलाल पार्क रवाना हो गई है।

अटलजी की अस्थि कलश को रथ पर रखने के बाद आगे रवाना किया गया है। इस रथ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय भी हैं। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों का हुजूम है। भाजपा दफ्तर से अस्थि कलश रथ झुलेलाल पार्क रवाना हो गया। झूलेलाल पार्क पर भी लोग अस्थि कलश का दर्शन करेंगे। इसके बाद अस्थियों को गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। 

अस्थि कलश के साथ राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा व शिवप्रताप शुक्ल और प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडेय समेत तमाम लोग शामिल हैं। अटलजी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग अस्थि कलश पर पुष्प वर्षा भी कर रहे हैं। अटलजी की अस्थि कलश को रथ के माध्यम से लेकर जाया जा रहा है।

झूलेलाल पार्क में अटलजी के लिए सर्वदलीय सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। श्रद्धांजलि सभा में मुलायम सिंह यादव, प्रमोद तिवारी, अखिलेश यादव, मायावती को भी प्रशासन ने आमंत्रित किया है।झूलेलाल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव, उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर और पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी समेत कई प्रमुख नेता पहुंचे।

इससे पहले दिल्ली से अटलजी के दामाद रंजन भट्टाचार्य, पुत्री नमिता, नातिन निहारिका, भतीजे अनूप मिश्रा अस्थि कलश लेकर लखनऊ पहुंचे। अब झूलेलाल वाटिका में सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा के बाद अटल जी के परिवारीजन अस्थियों को गोमती में विसर्जित करेंगें।
शहर के कई चौराहे से होते हुए अटल जी की अस्थियों को गोमती नदी में विसर्जित किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश की विभिन्न नदियों में उनका विसर्जन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश के 16 अलग-अलग स्थानों की प्रमुख नदियों में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। भाजपा के राज्य मुख्यालय से कल सुबह नौ बजे प्रमुख नदियों में अस्थियों के विसर्जन के लिए 16 कलश रवाना किए जाएंगे।

इससे पहले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय दिन में करीब डेढ़ बजे लखनऊ पहुंचे। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी बारिश के बाद भी अस्थि कलश की अगवानी करने एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद अस्थि कलश निर्धारित मार्ग से रथ पर भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुआ।

इससे पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।भारी बरसात के बाद भी लखनऊ में अस्थि कलश रथ यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ अपने लोकप्रिय सांसद अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम दर्शन को आतुर थी। जब तक सूरज-चांद रहेगा, अटल तेरा नाम रहेगा, के नारों के वातावरण गूंज रहा था। राजनाथ सिंह व डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय के साथ विशेष विमान के स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दामाद रंजन भट्टाचार्य, बेटी नमिता, नातिन निहारिका के साथ उनके भतीजे  अनूप मिश्रा भी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com