प्रशांत किशोर का दावा, पश्चिम बंगाल में 100 के अंदर सिमट जाएगी भाजपा

कहा, अगर 100 से अधिक सीटें जीती भाजपा तो छोड़ दूंगा सियासत

कोलकाता। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को 100 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर उनकी भविष्यवाणी गलत होती है तो वह राजनीति छोड़ देंगे। सोमवार को प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि भाजपा समर्थक कुछ मीडिया वाले इस तरह का माहौल बना रहे हैं जैसे पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है। लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में डबल डिजिट क्रॉस करती है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा है कि जो लोग भी इस ट्वीट को पढ़ें, वे इसे सेव कर के रख लें। दरअसल, गत शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर यहां आए थे। रविवार को बीरभूम जिले के बोलपुर में उन्होंने बड़ा रोड शो किया, जिसमें लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा था। उसके पहले शनिवार को सत्तारूढ़ पार्टी और अन्य पार्टियों से 11 विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली थी। इससे गदगद शाह ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 200 से अधिक सीटें जीतेगी और ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। उसके बाद से पार्टी 2021 के विधानसभा चुनाव में सत्ता पर दखल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। पूरे बंगाल में ममता बनर्जी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी है और भाजपा के पक्ष में माहौल है। इसे समझ कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रशांत किशोर को राजनीतिक रणनीतिकार के तौर पर नियुक्त किया है। हालांकि जब से किशोर ने बंगाल में ममता का चुनावी बेड़ा पार कराने की जिम्मेदारी ली है, उसके बाद से मुख्यमंत्री के पुराने से पुराने सहयोगी नाराज चल रहे हैं और उनका साथ छोड़कर जा रहे हैं। दावा तो यह भी किया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले राज्य विधानसभा में ममता सरकार अल्पमत में आ सकती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com