कहा, सपा सरकार के कराये विकास कार्यों की नकल भी नहीं कर सकती योगी सरकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जनता को सताने में रुचि रखती है। उसने अन्याय और अत्याचार की पराकाष्ठा कर दी है। जो विकास कार्य समाजवादी सरकार ने किए भाजपा उनकी नकल भी नहीं कर सकती है। जनता सब देख रही है। उसको बस सन् 2022 का इंतजार है। जब चुनाव में वह भाजपा को हटाकर समाजवादी सरकार को सत्ता में लाएगी। अखिलेश यादव गुरुवार को यहां इस्कान, दिल्ली के स्वामी महामंत्र दास द्वारा आशीर्वाद दिए जाने के उपरांत उपस्थित जन समुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा की नकारात्मक दिशा है जबकि सकारात्मक विचार से ही समाज का भला होता है। उन्होंने कहा कि ‘नई हवा है, नई सपा है, बड़ों का हाथ, युवा का साथ है।’ उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों का विकास समाजवादी सरकार में ही हुआ था। अयोध्या, गोवर्धन के परिक्रमा पथ पर सड़क, लाईट, छाया की व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा के लिए की गई थी। मथुरा, काशी में भी सुंदरीकरण की योजनाएं लागू की थी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal