मेरठ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा फिर से देश को गुलाम बनाने पर तुली है। जनता के सहयोग से सपा ऐसा नहीं करने देगी। उन्होंने जनता से अगले चुनाव में हस्तिनापुर की सीट जिताने की अपील की। मवाना के नवजीवन किसान इंटर कॉलेज में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 1857 की क्रांति के पुरोधा शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद जनसभा में उन्होंने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश को फिर से गुलाम बनाने पर तुली है। उन्होंने सभी लोगों से आगामी चुनाव में सपा को हस्तिनापुर की सीट जिताने की अपील की, जिससे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का रास्ता साफ हो सके। अखिलेश यादव ने कृषि कानून को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि किसान सिर्फ देश की जनता का पेट ही नहीं भरता, बल्कि किसान जनता का तन ढकने का भी काम करता है। यही भाजपा सरकार किसानों को आतंकवादी बता रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल पाया है। चार साल से प्रदेश में भाजपा सरकार है, लेकिन किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान अब तक नहीं मिला है। यदि देश में यही व्यवस्था चलती रही तो वह दिन दूर नहीं, जब देश फिर से गुलाम हो जाएगा। यह तीनों कृषि कानून देश के किसान के साथ-साथ आम जनता को भी बर्बाद करके रख देंगे। अखिलेश यादव ने आजादी की लड़ाई में किसानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शहीद धन सिंह कोतवाल की शहादत को कोई भूल नहीं सकता। यदि उन्होंने और अन्य क्रांतिकारियों ने अपनी जान की बाजी नहीं लगाई होती तो आज हम आजाद देश में सांस नहीं ले पाते। सपा अध्यक्ष ने हस्तिनापुर विधानसभा की सीट को यूपी के चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आज तक जो भी पार्टी हस्तिनापुर की सीट से विजयी रही है, प्रदेश में उसी की सरकार बनी है। उन्होंने सभा में मौजूद जनता से अपील करते हुए कहा कि वह हस्तिनापुर सीट से सपा के उम्मीदवार को विजयी बनाएं। साथ ही दावा किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो केन्द्र से भी भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। इस दौरान सपा नेता अतुल प्रधान, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, राजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal