माहिम के समुद्र में बनी अवैध मजार ध्वस्त

मुंबई। माहिम इलाके में समुद्र में बनाई गई अवैध मजार को गुरुवार सुबह मुंबई नगर निगम और जिलाधिकारी के दस्ते ने ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण से पहले क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि इसी तरह प्रशासन को मुंबई सहित सूबे के सभी जिलों में अवैध निर्माण पर कार्रवाई करनी चाहिए।

जानकारी के अनुसार बुधवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे ) अध्यक्ष राज ठाकरे ने अपनी सभा में माहिम में समुद्र के भीतर बनाई गई इस अवैध मजार का वीडियो दिखाया था। उन्होंने कहा था कि हाजी अली दरगाह की तरह एक अन्य दरगाह अवैध तरीके से समुद्र में बनाई गई है। अगर प्रशासन ने इस अवैध मजार को ध्वस्त नहीं किया तो, वे उसके बगल में ही गणेश मंदिर का निर्माण करवाएंगे।

राज ठाकरे की चेतावनी के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया और बुधवार रात को ही माहिम समुद्र में अनधिकृत मजार का दौरा किया था। इसके बाद आज सुबह भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच मुंबई नगर निगम और जिलाधिकारी का तोड़क दस्ता मौके पर पहुंचा और अवैध मजार का निर्माण कार्य पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

माहिम दरगाह ट्रस्ट के ट्रस्टी सोहैल खंडवानी ने बताया कि बुधवार को राज ठाकरे ने सभा के दौरान वीडियो के जरिए जो जगह दिखाई, वह 600 साल पुरानी ऐतिहासिक जगह है। हम उस जगह पर दरगाह नहीं बनाएंगे। सोहेल खंडवानी ने कहा कि वह स्थान चिल्ला है, उस स्थान पर धार्मिक शिक्षा दी जाती थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com