नई दिल्ली : नाइजीरिया की यात्रा करके विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर स्वदेश लौट आए हैं। वे आधिकारिक यात्रा पर अफ्रीकी देश नाइजीरिया गए हुए थे। इस बीच देश में चल रहे ‘मी टू अभियान’ के दौरान कई महिलाओं ने एमजे अकबर पर यौन शौषण का आरोप लगाया, जिसके चलते कांग्रेस सहित कई वर्गों ने विदेश राज्यमंत्री के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। रविवार को विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट उतरे, मीडिया ने उन्हें घेर लिया लेकिन एमजे अकबर ने पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले पर बाद में एक बयान जारी करेंगे। इतना कहकर एमजे अकबर चले गए। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भी इस पूरे मामले पर जब सवाल पूछे गए तो उन्होंने भी पत्रकार के सवाल का जवाब नहीं दिया। फिलहाल इस पूरे मामले पर सरकार और भाजपा, दोनों ने चुप्पी साध रखी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal