नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेता, पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेन्द्र सिंह अपने समर्थकों के साथ बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। दिल्ली में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की जिसके बाद वह कांग्रेस नेताओं के साथ एक प्रेसवार्ता में शामिल हुए। राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा ने जाति-धर्म की बात करके जिस प्रकार का टकराव पैदा किया है, इसके कारण ही लोग भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। भाजपा को अपने अहंकार पर आत्म चिंतन करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि मानवेन्द्र राजस्थान की शिव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। उनके पिता जसवंत सिंह का नाम भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शुमार है। वह अटल-अडवाणी युग के एक प्रमुख नेता रहे हैं। राजस्थान से मालवा क्षेत्र में जसवंत सिंह के परिवार की अच्छी पकड़ मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की ओर से मानवेन्द्र का पार्टी में स्वागत करते हैं| इनके आने से पार्टी को मजूबती मिलेगी। उन्हें उम्मीद है कि सभी समुदाय एकजुट होंगे और भाजपा व वसुंधरा राजे सरकार के खिलाफ लड़ेंगे। भाजपा सरकार से जनता निराश है। हम लोग चुनाव जीतेंगे और प्रदेश में सरकार बनायेंगे। मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि उनके समर्थक जिन्होंने कठिन दौर में उनका साथ दिया वह भी कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि ऐसे स्वाभिमानी सेना के सहयोग से विधानसभा और लोकसभा में कांग्रेस के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम आएंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal