रांची। झारखंड के गौरव पद्मश्री मुकुंद नायक अब स्वस्थ हैं। हालांकि अगले तीन सप्ताह तक वो डॉक्टर्स की देखरेख में रहेंगे है। उसके बाद वे रांची आएंगे। नई दिल्ली में इलाजरत पद्मश्री नायक से रक्षा राज्यमंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान पद्मश्री ने अपने बेहतर इलाज के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।
नायक ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की कलाकारों के प्रति संवेदनशीलता है कि मेरे अस्वस्थ होने की खबर पाकर उन्होंने संज्ञान लिया। मेरे लिए इससे बड़ा गौरव का विषय कुछ नहीं हो सकता कि खुद देश के कला और संस्कृतिमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी देखरेख में मेरा उपचार करवाया। यह देश के कलाकारों के प्रति मोदी सरकार की संवेदनशीलता है। पद्मश्री मुकुंद ने प्रधानमंत्री मोदी, कला-संस्कृतिमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार प्रकट किया है।
उनसे मुलाकात के बाद रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि पद्मश्री मुकुंद नायक अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं। अभी वह और तीन सप्ताह तक डॉक्टर्स की देखरेख में रहेंगे। उसके बाद हम सबके बीच पुनः उसी ऊर्जा और उत्साह के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुकुंद नायक के उपचार में प्रधानमंत्री ने जो सक्रियता और संवेदनशीलता दिखाई है, उसके लिए हर झारखंडवासी की तरफ से मैं उनका आभार प्रकट करता हूं। मुकुंद नायक स्वस्थ होकर झारखंड की लोक कलाओं को और शिखर तक ले जाएं, ईश्वर से यही प्रार्थना है। पद्मश्री नायक के स्वस्थ होने की जानकारी सांसद ने गुरुवार देररात जारी विज्ञप्ति में दी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal