मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अभियुक्त ढ़ेर

फिरोजाबाद : थाना शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी टीम की शुक्रवार को आगरा के बदमाश से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से घायल बदमाश की अस्पताल में मौत हो गई। मृतक बदमाश वृद्ध दंपत्ति की हत्या व वृद्ध महिला पर लूटे के लिए किए जानलेवा हमले के मामले में वांछित था तथा उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि 4 मार्च की रात्रि में थाना शिकोहाबाद के वंशी नगर में पशुओं के प्लॉट के अन्दर घुसकर मुन्नालाल यादव व उनकी पत्नी मिथलेश की लूटपाट करने की नीयत से नृशंस हत्या हुई थी। इसके साथ ही 15 जून की रात्रि में ग्राम मलिखानपुर में वृद्धा सूरजमुखी पत्नी स्व. शिवराम यादव के ऊपर लूटपाट के उद्देश्य से जानलेवा हमला हुआ था।

इन दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान दोनों प्रकरणों में अभियुक्त राजू खान पुत्र कल्लू खान उर्फ धर्मेन्द्र निवासी रैपुरा रामगढ़ हाल पता शाहगंज आगरा का नाम प्रकाश में आया। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा रेंज आगरा द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित 50 हजार का इनामी अभियुक्त राजू खान पुरातन रोड पर स्थित नोवा फैक्ट्री के पास निर्माणधीन मकान में अन्य घटना करने की तैयारी कर रहा है। सूचना का पुलिस टीम नोवा फैक्ट्री के पास पहुँची तो अभियुक्त ने पुलिस टीम पर अँधाधुँध फायरिंग शुरु कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा की गई जबावी कार्यवाही में अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान राजू पुत्र कल्लू खान उर्फ धर्मेंद्र के रुप में हुई है। अभियुक्त राजू खान के कब्जे से अवैध पिस्टल 32 बोर, 08 जिंदा कारतूस व 12 खोखा कारतूस व खून लगा हुआ पाना बरामद हुआ है।

एसएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उपचार के दौरान अभियुक्त की मृत्यु हो गयी। पुलिस टीम द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com