पूर्वी सिंहभूम ;बिष्टुपुर स्थित धातकीदीह सामुदायिक केंद्र, टाटा स्टील फाउंडेशन से जुड़ी कराटे की दो उभरती खिलाड़ी सुनाक्षी गुप्ता और हिबा फिरदौश अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
दोनों ने पटना में आयोजित अखिल भारतीय विद्यालय प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई) क्षेत्रीय कराटे चयन प्रतियोगिता 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर आगामी राष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। यह जानकारी टाटा स्टील ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
राष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप का आयोजन 15 से 18 सितम्बर तक बेंगलुरु स्थित खेल उत्कृष्टता केंद्र में होगा। इस प्रतियोगिता में सुनाक्षी गुप्ता 64–68 किलोग्राम वर्ग में और हिबा फिरदौश 68 से अधिक किलोग्राम वर्ग में बिहार–झारखंड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर उनके प्रशिक्षक शिहान सरजू राम और सेंसई एम. प्रशांत ने हर्ष व्यक्त किया है। टाटा स्टील फाउंडेशन की कराटे इकाई के लिए भी यह उपलब्धि गर्व का क्षण है। संस्था लगातार युवाओं को खेलों में प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देती रही है और इसी का परिणाम है कि यहां की
प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal
