भाजपा ही वह पार्टी है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती है : अमित शाह

बेतिया : पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित कुमारबाग स्टील फैक्ट्री प्रांगण में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंपारण एवं सारण क्षेत्र की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ आगामी विधानसभा में जुट जाने का आह्वान किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना ही हर भाजपा कार्यकर्ता का पहला दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से अवगत कराएं और संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।

गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजबूत संगठन ही मजबूत भारत का आधार है। शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अगर ईमानदारी और निष्ठा के साथ मैदान में उतरेगा, तो बिहार में निश्चित ही राजग की सरकार बनेगी।

अमित शाह ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गरीबों के लिए मुफ्त राशन योजना, किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक राहत और सुविधा पहुंचाई है। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और उन्हें भाजपा से जोड़ना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अनुशासन, निष्ठा और परिश्रम की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल सत्ता पाने के लिए राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा राष्ट्र निर्माण को लक्ष्य मानकर आगे बढ़ती है। कार्यकर्ताओं की ताकत ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है और यही संगठन को हर स्तर पर मजबूती प्रदान करती है।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सारण के सांसद राजीव प्रताप रुडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिंग्रीवाल, राज्य सरकार में मंत्री कृष्ण कुमार मंटू, विधायक जनक सिंह, डॉ. सीएन गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जयसवाल सहित चंपारण एवं सारण के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अमित शाह के संबोधन ने न केवल कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भाजपा बिहार में एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी। इस बैठक के माध्यम से भाजपा ने पश्चिम चंपारण की धरती से संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समाज कल्याण के संकल्प के साथ यह संकेत दे दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वह पूरे दमखम से मुकाबले के लिए तैयार है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com