बहराइच : वन प्रभाग के अब्दुल्लागंज रेंज जंगल से सटे बाबागंज रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को दोपहर में तेंदुए ने 3 ग्रामीणों को घायल कर दिया। जानकारी मिलने पर डीएफओ आरपी सिंह ने रुपईडीहा व अब्दुल्ला गंज रेंजर को वन महकमे की टीम के साथ भेजा। तेंदुए ने अब्दुल्लागंज रेंजर सहित 9 और लोगों को घायल कर दिया। अब तेंदुए से घायल होने वालों की संख्या 12 हो गई है। गुस्साया तेंदुआ भट़ठे के पास कॉलोनी के कमरे में घ्ुास गया वन महकमे की टीम ने उसे कमरे में बंद कर दिया है एफओ ने यह जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से एसडीओ को टीम के साथ भेजा है। लगभग आधा दर्जन गांवों में तेंदुए के आने की दहशत है।
रुपईडीहा थाने का बाबागंज इलाका अब्दुल्लागंज के जंगल से सटा है। यहां शुक्रवार को अपरान्ह लगभग 2 बजे रेलवे स्टेशन के पास जंगल से भाग कर आया तेंदुआ दिखाई पड़ा। लोगों ने घेराबंदी की तो तेंदुआ भागकर सरसों के खेत में घुस गया। राहगीरों ने वन महकमे व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर वहां पहुंची वन टीम व पुलिसकर्मी दूर खड़े तमाशा देखते रहे। सरसो के खेत के किनारे खड़े लोगों ने शोर मचा कर गोले दागे, तो आक्रामक तेंदुए ने कूदकर खेत के दक्षिण तरफ घेराबंदी कर रहे सुरैहिया निवासी ध्रुव वर्मा पुत्र बछराज वर्मा को घायल कर दिया। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ कूदकर खेत में जा घुसा, फिर से गोला दागने पर तेंदुआ पूरब की ओर भागा। तेंदुआ नहर पर खड़े हुए अमेरिका प्रसाद पुत्र सांवली पर झपट पड़ा। जिससे उनके गले व सिर पर लम्बा घाव हो गया। इसी दौरान तेंदुए ने छैलू पुत्र रामचंद्र पर भी पंजे मारे, जिससे वह भी घायल हो गया।
तीन लोगों के घायल होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं निजी चिकित्सालय बाबागंज में भर्ती कराया गया, जहां घायलों का इलाज शुरू हुआ। लोगों का गुस्सा देख वन महकमे की टीम उस ओर बढ़ी, जिस ओर तेंदुआ छिपा था। अचानक तेंदुए ने उछलकर अब्दुल्लागंज रेंजर आरपी चौधरी को घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुए ने सुजौली बनकुरी निवासी अकबर अली (25) पुत्र नजीर, विशुनापुर के 25 वर्षीय तुलसीराम पुत्र सोहन लाल, औसरगांव निवासी 30 वर्षीय किशन लाल, बाबागंज के 32 वर्षीय अते उल्लाह और यहीं के निवासी 20 वर्षीय प्रीतम पुत्र गोपाल, 22 वर्षीय राजू, मधनगरा निवासी 53 वर्षीय रामसागर, बीरपुर निवासी 32 वर्षीय अमिरका प्रयाद को भी घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुआ एकता भट़ठे के पास कॉलोनी के कमरे में घुस गया वन महकमे की टीम ने तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया है रुपईडीहा रेंजर अरशद कमाल सिद्दीकी ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए कोशिश शुरू की है। डीएफओ आरपी सिंह ने बताया कि मुख्यालय से एसडीओ को भेजा जा रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal