आम आदमी पार्टी से निलंबित हरिंदर सिंह खालसा वीरवार काे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने खालसा को भाजपा में शामिल कराया। इससे आप को पंजाब मेें कड़ा झटका लगा है। हरिंदर सिंह खालसा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से सांसद हैं।
आप सांसद हरिंदर सिंह खालसा भाजपा मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली व हरदीप पुरी ने उनकाे भाजपा में शामिल कराया। जेटली ने खालसा का भाजपा में स्वागत किया। हरदीप पुरी ने कहा कि इससे पंजाब में भाजपा को मजबूती मिलेगी। खालसा ने कहा कि वह बिना शर्त भाजपा में शामिल हो रहे हैं। खालसा को पंजाब में एक समय प्रमुख दलित चेहरा बताया जाता है।
हरिंदर सिंह खालसा का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी।
हरिंदर सिंह खालसा को आप के अन्य सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी के साथ आम आदमी पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उनके खिलाफ अाप नेतृत्व पर सवाल उठाने के बाद पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कार्रवाई की थी। खालसा और डॉ. गांधी इसके बाद भी आप नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे। इसके बाद लगभग तय हो गया था कि आम आदमी पार्टी उनकाे इस बार लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं देगी।
बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में पंजाब से आम आदमी पार्टी के चार सांसद चुनाव जीते थे। इनमें संगरूर से भगवंत मान, पटियाला से डॉ. धर्मवीर गांधी, फरीदकोट से प्रो. साधु सिंह और फतेहगढ़ साहिब से हरिंदर सिंह खालसा शामिल हैं। बाद में डॉ. धर्मवीर गांधी और हरिंदर सिंह खालसा ने कई मुद्दों पर आप नेतृत्व और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की कार्यशैली पर सवाल उठाया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal