कानपुर : लोकतांत्रिक देश भारत में एक ही कानून के लिए भाजपा के पुरोधा श्यामा प्रसाद मुखर्जी संघर्षरत रहे। आज उनका जन्म दिवस है और उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाया जाएगा। वर्तमान समय की मांग है कि कश्मीर से धारा 370 हटनी चाहिए, तभी श्यामा प्रसाद का संघर्ष सफल होगा। यह बातें शनिवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उप मुख्यमंत्री व कानपुर के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने आये थे।
होटल कान्हा गैलेक्सी में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश अब विकास की राह पर चल पड़ा है। देश की आधे से अधिक आबादी भाजपा के साथ खड़ी है और देश में एक संविधान होने की बात कह रही है। यही बात पूरी जिंदगी भर भाजपा के पुरोधा श्यामा प्रसाद मुखर्जी कहते थे। अब जनता की मांग पर यह कहा जा सकता है कि समय आ गया है और कश्मीर से धारा 370 हटेगी। कश्मीर से धारा 370 हटने पर ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग सफल माना जाएगा। सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस अभियान के साथ सामाजिक दायित्व भी निभाएं।
उन्होंने सदस्यों की संख्या बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि 100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीति के साथ ही सामाजिक दायित्वों को लेकर बेहद सजग रहती है। इसलिए कार्यकर्ता जब सदस्यता अभियान के लिए निकलें तो सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पौधरोपण अभियान, जल संचयन और तालाबों के संरक्षण के लिए लोगों को जागरुक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं। केंद्र और राज्य सरकारों की प्राथमिकता में युवा ही हैं। युवाओं के कल्याण के लिए सरकार कृत संकल्प है। युवा ही सभी प्रकार की चुनौतियों का मुकाबला करते हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal