लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, महानगर कैम्पस के मेधावी छात्र महेन्द्र प्रताप सिंह को अमेरिका के दो प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा चालीस – चालीस हजार अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। अमेरिका के फ्लोरिडा इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एवं यूनिवर्सिटी ऑफ यूटाह, दोनों विश्वविद्यालयों ने सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्र को चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान 40,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप के साथ दाखिले हेतु आमन्त्रित किया है। इसके अलावा, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी एवं वाशिंगटन स्टेट यूनिवर्सिटी में भी स्कॉलरशिप के साथ इस मेधावी छात्र का चयन हुआ है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के इस होनहार छात्र ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर अमेरिका के चार विश्वविद्यालयों में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस प्रतिभाशाली छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 80 छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके हैं, जिनमें से अधिकतर को स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal