रायबरेली पहुंची सोनिया ने साधा निशाना
रायबरेली : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार रोजगार देने के बजाय छीन रही है। यह बाकायदा एक साजिश के तहत किया जा रहा है। प्रियंका वाड्रा मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र के दौरे पर थीं। वह लालगंज में मॉडर्न कोच फ़ैक्ट्री में निगमीकरण के विरोध में आंदोलित कर्मचारियों से मिलने पहुंची और धरने में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे और अन्य पीएसयू देश को मजबूत करने वाली संस्थाएं हैं, इनका निगमीकरण और बाद में निजीकरण करके देश को खोखला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्रों में इन पीएसयू को देकर जनता के साथ छल किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस इस पर सभी कर्मचारियों के साथ खड़ी है। इसके पूर्व प्रियंका गांधी ने अखिलेश सिंह के घर जाकर उनके परिजनों से भी मुलाकात की और परिजनों को सांत्वना दिया। प्रियंका ने विधायक अदिति सिंह को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में हम सब आपके परिवार के साथ हैं। इस बीच प्रियंका ने भुएमऊ स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
प्रियंका ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को दरकिनार कर रही है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। जिसे कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल, एमसीएफ के कर्मचारी लगातार निगमीकरण के विरोध में आंदोलित हैं। सोनिया गांधी ने भी इसको लेकर काफी मुखर रही हैं, उन्होंने इसके खिलाफ सरकार को घेरा था। गौरतलब है कि रेलकोच फैक्ट्री की स्थापना 2009 में यूपीए के शासन के दौरान की गई थी और यह सोनिया गांधी का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता रहा है, हालांकि 2012 तक इसमे उत्पादन नहीं शुरू हो पाया था। इसको लेकर रेलमंत्री ने सोनिया गांधी के प्रश्नों का जबाब देते हुए कहा था कि एनडीए सरकार में ही इसमे काम हुआ है। प्रियंका ने मीडिया के सवालों पर केवल इतना कहा कि उनकी आवाजों को दबाया न जाय।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal