हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस आज अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है, जिसे चंडीगढ़ में पेश किया जाएगा। इसमें पार्टी समाज के हर वर्ग का ख्याल रखेगी। सभी वर्गों के बीच भाईचारा कायम करना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी। पार्टी ने दावा किया है कि उसका घोषणा पत्र हर वर्ग के लिए कल्याणकारी होगा।

इसमें किसान, कर्मचारी, मजदूर, दलित, पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, उद्योगपतियों व आम जनता का विशेष ख्याल रखा गया है। बेरोजगार युवाओं को कांग्रेस भत्ता देगी। लगभग 12 बजे घोषणा पत्र को जारी किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, सीएलपी नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की चेयरमैन किरण चौधरी व सह चेयरमैन आफताब अहमद उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग ने कहा कि घोषणा पत्र जनता को राहत देने वाला होगा। वर्तमान सरकार ने 5 साल में प्रदेश की आम जनता के हित में किसी प्रकार की योजना लागू न कर बेरोजगारी बढ़ाने का काम किया है। प्रदेश का हर वर्ग दुखी है। प्रदेश अध्यक्ष बहन कुमारी सैलजा घोषणा पत्र जारी करने के बाद शाम 5:30 बजे पिंजौर व कालका, 7 बजे पंचकूला के सेक्टर 16 और 12 अक्टूबर को 11:30 बजे बेरी, 1:30 बजे दादरी, 3:30 बजे बवानीखेड़ा, 5:00 बजे हांसी विधानसभा में रोड शो व कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के लिए जनसभा करेंगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal