कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी को लेकर शनिवार को सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों का काम कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता।
प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।
दरअसल, गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गए भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को लेफ्ट पार्टी की ओर झुकाव वाला बताया था।
गोयल ने पुणे में संवाददाताओं से कहा कि मैं अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार जीतने की बधाई देता हूं। आप सभी जानते हैं कि उनकी सोच पूरी तरह वाम की ओर झुकाव वाली है। भाजपा नेता ने कहा कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’ योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal