रायपुर : झारखंड में कांग्रेस विधायक दल का नेता तय करने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव को सौंपी गई है। मंगलवार को एक आदेश में एआईसीसी ने सिंहदेव को झारखंड का ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक एआइसीसी ने सिंहदेव पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी है। इससे पहले उन्हें झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया था। सिंहदेव की अध्यक्षता में पार्टी के उम्मीदवारों का नाम फाइनल किया गया था। झारखंड में कांग्रेस ने 16 विधानसभा सीटों पर कब्जा किया है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन को बहुमत मिला है। जबकि गठबंधन में कांग्रेस दूसरी बड़ी पार्टी है और राजद तीसरी। इसलिए यह माना जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद किसी कांग्रेस विधायक को मिलेगा। सिंहदेव कांग्रेस विधायकों की बैठक लेकर विधायक दल के नेता का नाम फाइनल करेंगे। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष के लिए पार्टी के किसी एक विधायक के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे। झारखंड में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई जगहों पर चुनाव प्रचार किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal