भोपाल : मध्य प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम बदलाव आने वाला है। प्रदेश में जल्द ही बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में आगामी तीन दिन में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच अभी यहां दोपहर तक तेज धूप परेशान करती है वहीं शाम ढलने के बाद ठंड का अहसास हो रहा है। रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव आता रहता है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे के मुताबिक पूर्वी भारत पर बनी ट्रफ के कारण बंगाल की खाड़ी से आद्र्र हवाएँ मध्य भारत में बढ़ गई हैं। अनुमान है कि मध्य प्रदेश पर कोन्फ़्लुएन्स ज़ोन भी बन रहा है। साथ ही उत्तर भारत में बने पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण भी मध्य भारत के इन राज्यों में मौसम में बदलाव आएगा। उम्मीद है कि 21 फरवरी को उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 24 फरवरी तक रुक-रुक कर गरज के साथ बारिश जारी रहने की उम्मीद है। सीधी, सतना, पन्ना, उमरिया और शहडोल में जहां अच्छी बारिश का अनुमान है वहीं दूसरी ओर इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी और ग्वालियर में मौसम शुष्क रहेगा। यानि पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में विपरीत मौसम रहने वाला है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दो दिन तक उत्तर-पश्चिम मप्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal