पार्टी अध्यक्ष ने महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा कार्यसमिति बैठक को किया संबोधित
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने बल पर सत्ता स्थापित करने की तैयारी करें। नड्डा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। सोमवार की हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटील, पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री वी. सतीश के साथ ही राज्य के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि कोरोना महामारी से बनी परिस्थिति को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अत्यंत क्षमता और बड़ी कुशलता से संभाला है। लॉकडाउन का निर्णय समय से लेने के कारण बड़े पैमाने पर होनेवाली जनहानि टल गई। मेडिकल सुविधाओं की दृष्टि से विकसित व संपन्न अमेरिका व यूरोप के देशों में लॉकडाउन का निर्णय समय से न लेने के कारण इन देशों में बड़े पैमाने पर मृत्यु हुई। संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था को आधार देने के लिए मोदी सरकार ने 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की। इसका लाभ समाज के अनेक वर्गों को हुआ है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को उद्योग और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी के पैकेज का लाभ पहुुंचाने के लिए प्रयत्नशील रहना चाहिए। इसके साथ ही केंद्र सरकार के कार्यों की जानकारी भी सामान्य लोगों तक प्रभावी ढंग से हमेंसे पहुंचाना होगा। नड्डा ने कहा कि कोरोना से निर्मित हुई परिस्थितियों का सामना करने में राज्य सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। राज्य सरकार की इस असफलता को जनता के सामने प्रभावी रूप से ले जाना चाहिए। आने वाले समय में सामान्य व्यक्ति की समस्याओं को हल करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय होना चाहिए। भविष्य में राज्य में अपने बलबूते पर सत्ता हासिल करने का लक्ष्य तय कर काम करने का आह्वान भी उन्होंने किया। नड्डा ने लॉकडाउन के समय पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए सेवा कार्यों की प्रशंसा की है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal