देवरिया। सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में शनिवार को चुनावी सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सपा-बसपा-कांग्रेस पर करारा हमला बोला। कहा कि इन दोनों दलों की सरकार में गुण्डागर्दी चरम पर थी। न भगवान श्रीराम की पूजा कर सकते थे और न ही माता दुर्गा की पूजा के लिए सजे पंडालों में ही वाद्ययंत्रों को बजाने की अनुमति मिलती थी। कांग्रेस ने भी रामसेतु पर सवाल खड़े किए। बता दें कि देवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज के परिसर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब योगी सरकार है। इसमें इन सब पर अंकुश लग चुका है। यहां तक कि माफियाओं की संपत्ति और गुंडई दोनों पर करारा प्रहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा सरकार के शासनकाल में उनके ही संरक्षण में अपराधी अपने हाथों में एके- 47 लेकर सड़कों पर खुलेआम घूमते थे। सम्पत्तियों पर कब्जे करते थे। बहन- बेटियों का अपहरण कर बलात्कार व लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। यहां तक कि भगवान श्रीराम बारात को रोका जाता था। सपा की सरकार के समय काबड़ यात्रा में डीजे नहीं बजने दिया जाता था। दुर्गा पाठ को रोका जाता था। कांग्रेस रामसेतु के अस्तित्व को नहीं मानती है, लेकिन प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद अपराधियों व माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में माफिया व अपराधी सम्पत्ति पर कब्जा नहीं कर पा रहे हैं। वजह, प्रदेश की योगी सरकार ऐसे माफियाओं, गुण्डों की सम्पत्ति पर बुलडोजर चलवा रही है। प्रदेश की सरकार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर पल गरीबों, वंचितों के लिए समर्पित है। खुद मुख्यमंत्री दिन-रात गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बहन बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वाला चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति हो, उसके खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कावड़ यात्रा में हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर 70 वर्षो तक सरदार वल्लभ भाई पटेल की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरदार पटेल किसान परिवार से थे। उन्होंने हमेशा दलितों, शोषितों व पिछड़ों के लिए संघर्ष किया। बावजूद इसके 70 सालों तक सरदार पटेल पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। सरदार की पटेल की 182 फीट ऊंची प्रतिमा निर्माण का कार्य नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व काल में ही सम्भव हुआ है। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल व बाल्मीकि को नमन करते हुए लोगों से भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal