हाथों में झाड़ू लेकर झांसी की सड़कों पर उतरे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
झांसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बुधवार को वीरांगना नगरी की सड़कों पर उतर आए। हाथों में दस्ताने पहन वह सड़कों पर पड़े कचरे को साफ करने लगे। उनके साथ जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भी कचरा साफ किया। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वच्छता को भारतीय संस्कृति की परम्परा बताते हुए लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने राजनीति को सृजनात्मक बताया और उसे मिशन बताते हुए कहा कि केवल नेतागिरी करना राजनीति नहीं। पत्रकारों से मुखातिब होते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले भी हमारे महापुरुषों का सपना था कि हमारा गांव स्वच्छ रहे। हमारी गली स्वच्छ रहे। हमारा घर स्वच्छ रहे। इसलिए माताएं बहनों की पहले से भारतीय संस्कृति के साथ चौका करना,झाड़ू लगाना, साफ सफाई करना आदि एक परम्परा रही है और आज भी है। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद राजनीति के क्षेत्र में एक प्रतीकात्मक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि अपनी गली कैसे स्वच्छ रहे ऐसा राजनीतिक लोगों को चिंता करना चाहिए। गली न स्वच्छ रहे तो कम से कम घर ही स्वच्छ रहे। घर का कूड़ा कहां डालना है यह जानकारी रहे। स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय का निर्माण हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के के नेतृत्व में हमारे नगर पालिका व नगर निगम देश में स्वच्छता के मामले में स्थान बना रहे हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के नाते हम भी स्वच्छता के ऊपर पूरा ध्यान रखते हैं। राजनीति का मतलब नेतागिरी करना नहीं होता राजनीति का मतलब है कि रचनात्मक कार्य करना। भाजपा संगठन का कार्य कोई बिजनेस व्यापार नहीं। राजनीति का मतलब मिशन है । प्रदेश अध्यक्ष के नाते मैंने यह तय किया है कि जिस शहर में रहेंगे उस शहर में एक घंटा या आधा घंटा स्वच्छता अभियान करूंगा। यह सभी राजनीतिक व्यक्तियों को अपने जीवन में संकल्प लेना चाहिए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal