लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी जनाकांक्षाओं की पूर्णता के साथ उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं व निर्णयों को लेकर जनता के दरबार में पहुंचेंगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल ने योगी सरकार के चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण लोक दरबार में करने के लिए 8 दिवसीय कार्ययोजना तैयार की है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने बताया कि कल 19 मार्च को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्तवंत्र देव सिंह तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा0 दिनेश शर्मा लोक भवन में प्रेसवार्ता के माध्यम से चार वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को प्रेस के माध्यम से साझा करेंगे तथा विकास पुस्तिका के विमोचन से सरकार का रिफाॅर्म, परफाॅर्म एवं ट्रांसफाॅर्म जनता के दरबार में प्रस्तुत होगा तथा अवध शिल्प ग्राम में विकास प्रदर्शनी से चार वर्षों की विकास यात्रा का प्रदर्शन होगा।
इसके साथ ही प्रदेश में 8 दिवसीय कार्यक्रमों की श्रंृखला प्रारम्भ हो जाएगी। श्री मौर्य ने बताया कि कल 19 मार्च को ही राज्य मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के पश्चात प्रदेश के सभी जिलों में योगी जी के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी, जिसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री, पार्टी पदाधिकारी तथा बोर्डो, आयोगो, निगमों के अध्यक्ष व सदस्य करेंगे और जिला मुख्यालयों प्रेसवार्ता के माध्यम से सरकार की योजनाएं मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएगे।अमरपाल मौर्य ने बताया कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं व निर्णयों के साथ ही हमारी अन्त्योदय विचारधारा और वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर जनता के बीच में पहुंचने की भारतीय जनता पार्टी की परम्परा है।
इसी कड़ी में पार्टी 20 मार्च को सभी विधानसभाओं में पार्टी के सभी विधायक अपनी विधानसभा में प्रदेश स्तर पर हुए सरकार के कार्यो के साथ ही स्थानीय स्तर पर किये गये विकास कार्यो का दस्तावेज लोक दरबाद में प्रस्तुत करेंगी। वहीं 21 मार्च को 826 ब्लाकों पर किसान कार्यक्रम तथा नगर निकायों में आत्मनिर्भर भारत से आत्म निर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ भाजपा विभिन्न कार्यक्रम करेंगी। जबकि 22 मार्च को प्रदेश के सभी 403 विधानसभाओं में महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम तथा 23 मार्च को सभी 3051 जिला पंचायत वार्डो में युवा सम्मेलन आयोजित करके पार्टी सरकार की नीतियों को युवाओं की बीच प्रस्तुत करेंगी। 24 मार्च को प्रवासी श्रमिक, रेहड़ी, खोमचा, पटरी दुकानदारोें के साथ ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। 25 व 26 मार्च को पार्टी के सभी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी प्रत्येक बूथ पर प्रत्येक घर के प्रत्येक दर तक संपर्क करके सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएगें।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal