भाजपा उप्र में ‘सेवा ही संगठन अभियान’ को और करेगी तेज

कोरोना को रोकने के लिए जुटेंगे पार्टी कार्यकर्ता, चलाएंगे जागरुकता अभियान
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में ‘सेवा ही संगठन अभियान’ को और गति देगी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में पार्टी की प्रदेश इकाई ने सोमवार को यह निर्णय लिया। पार्टी ने तय किया है कि वह जनता के बीच और अधिक सक्रियता से अपने सेवा कार्यों को कोरोना से प्रभावित लोगों तक पहुंचाएगी। शहर से लेकर गांव तक राहत दिलाने के साथ-साथ जागरुकता अभियान भी चलाया जाएगा। लोगों को टीकाकरण कराने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा। भाजपा मुख्यालय में आज देर शाम तक चली बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा चलाये जा रहे ‘सेवा ही संगठन‘ अभियान के अन्तर्गत पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यो के माध्यम से कोरोना से प्रभावित जनता की सहायता के लिए तत्पर होकर कार्य करें और लोगों को इस महामारी से बचाव के लिए जागरूक करें।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में अभियान को और तेज किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता कोरोना संक्रमण के कारण प्रभावित हुए लोगों के घरों पर पहुंचकर उनसे संपर्क करने के साथ-साथ आवश्यकता अनुसार उनकी सहायता का भी प्रयास करेंगे। साथ ही प्रत्येक गांव में एक महिला व एक युवा कार्यकर्ता के द्वारा अधिक से अधिक लोग वैक्शिनेशन का लाभ ले सके इसके लिए आमजन को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही ब्लड डोनेशन कैम्प लगाने सहित अन्य प्रकार के सेवा कार्यो को करने पर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश सह प्रभारी सत्या कुमांर, सुनील ओझा व संजीव चैरसिया, प्रदेश सह महामंत्री संगठन कर्मवीर, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, गोविंद नारायण शुक्ला समेत कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह सोमवार को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी लखनऊ पहुंचे हैं। दोनों राष्ट्रीय पदाधिकारियों का राजधानी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन और प्रदेश प्रभारी मंगलवार को भी पार्टी कार्यालय पर समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान वे सरकार के कुछ मंत्रियों से भी रिपोर्ट ले सकते हैं। बीएल संतोष ने सोमवार को भी प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना और स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह से कोरोना महामारी को लेकर चर्चा की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com