
लखनऊ। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा, डॉ॰ रमन सिंह ने उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष, हृदय नारायण दीक्षित से 5 माल एवेन्यू स्थित शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही शाल एवं विधान सभा का एक मोमेन्टो भी भेंट किया।
दीक्षित ने स्वरचित पण्डित दीनदयाल उपाध्याय द्रष्टा, दृष्टि और दर्शन, अथर्ववेद का मधु, हिन्द स्वराज्य का पुनर्पाठ एवं अन्य पुस्तकें भी भेंट की।
डॉ॰ रमन सिंह ने मा॰ अध्यक्ष द्वारा पण्डित दीनदयाल उपाध्याय पर लिखी गयी पुस्तक की लेखन शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन के विभिन्न पहलुओं एवं भारतीय संस्कृति व आर्थिक दर्शन का जिस तरह विश्लेषण किया गया है वह जन-जन के लिए बहुत ही उपयोगी है। डॉ॰ रमन सिंह ने कहा कि वह दीक्षित जी के दैनिक जागरण एवं अन्य अखबारों में प्रकाशित होने वाले उनके लेखों पर ध्यान देकर पढ़ते है। वह भारतीय संस्कृति पर आए-दिन नए पक्ष प्रस्तुत करते दिखाई देते है। उनके आने वाले सम्पादकीय का लोगों को इंतजार रहता है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal