मेरठ में अवैध निर्माण पर गरज रहा एमडीए का बुलडोजर

मेरठ। अपराध, भ्रष्टाचार और माफिया के खिलाफ जीरो टोलरेंस की योगी सरकार की नीति का असर धरातल पर दिखाई देने लगा है। अवैध निर्माणों पर चुप्पी साधने वाले सरकारी विभाग अब उसे तोड़ने का खाका तैयार कर रहे हैं। मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह के आदेश पर मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अब मेरठ जनपद में अवैध निर्माणों के खिलाफ जंग छेड़ दी है।

एमडीए अधिकारियों की मिलीभगत से मेरठ जनपद में चारों ओर अवैध कॉलोनियों का जाल फैलता जा रहा है। इसकी भनक लगते ही एमडीए अध्यक्ष और आयुक्त सुरेंद्र सिंह ने अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है। आयुक्त ने अवैध निर्माण के लिए एमडीए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इसके बाद से ही एमडीए अधिकारियों ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। एमडीए के अनुसार, चार जोन में बंट मेरठ शहर के 16 सब जोन में एक साथ अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के आगमन पर भी चला था बुलडोजर

मेरठ शहर में एमडीए अभी तक दो बार सभी 16 जोन में बुलडोजर चला चुका है। 10 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्रांति दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेने मेरठ आए तो उनके आगमन पर ही मेरठ के 16 सब जोन में एक साथ 16 बुलडोजर अवैध निर्माण पर गरज रहे थे। यह कार्रवाई एमडीए सचिव की निगरानी में हो रही थी।

अंतरराष्ट्रीय गो तस्कर की संपत्तियों पर चला बुलडोजर

असम में उग्रवादी हमले में मारे गए अंतरराष्ट्रीय गो तस्कर अकबर बंजारा के अवैध निर्माणों को एमडीए का बुलडोजर दो बार जमींदोज कर चुका है। उसकी लिसाड़ी रोड पर बनाई गई अवैध दुकानों को एमडीए ने ढहा दिया।

याकूब कुरैशी की संपत्ति के ध्वस्तीकरण की तैयारी

बिना लाइसेंस मीट प्लांट चला रहे पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी पर भी ध्वस्तीकरण की तलवार लटकी हुई है। एमडीए उसकी अलीपुर जिजमाना स्थित अलफहीम मीटैक्स प्राइवेट लिमिटेड के ध्वस्तीकरण की तैयारी में है। यह मामला कोर्ट में होने के कारण लंबित है। याकूब का सराय बहलीम स्थित आवास भी अवैध तरीके से बिना नक्शा पास किए बनाया हुआ है। इस मकान में नियम विरुद्ध बेसमेंट बनाया हुआ है। इसे तोड़ने के लिए भी तैयारी की जा रही है। उसकी संपत्ति भी कुर्क करने की तैयारी पुलिस कर रही है।

मुनकाद अली भी सरकारी शिकंजे में फंस रहे

बसपा नेता और पूर्व सांसद मुनकाद अली पर भी जमीन पर अवैध कब्जा करके मकान और फार्म हाउस बनाने के आरोप लग रहे हैं। मुनकार पर वक्फ बोर्ड की जमीन पर आलीशान कोठी बनाने और कब्रिस्तान की जमीन पर दुकान निर्माण करने के आरोप लगे हैं। अब मुनकाद के भाई और उसकी पत्नी पर शाहजहांपुर में लोगों की जमीन कब्जा करके फार्म हाउस बनाने का मामला सामने आया है। एसडीएम मवाना अमित कुमार ने इस मामले पर जांच बैठा दी है।

नए सिरे से अवैध निर्माण का सर्वे कर रहा एमडीए

एमडीए ने शहर के सभी अवैध निर्माण का सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इसमें चारों जोन में अवैध निर्माण चिन्हित किए जाने हैं। पहले चरण में जोन ए और जोन बी के अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके बाद जोन सी और जोन डी के अवैध निर्माणों का सर्वे होगा। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com