अलविदा-2022 : उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए उपलब्धियों भरा रहा यह साल

लखनऊ। वर्ष 2022 उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए जहां उपलब्धियों भरा रहा वहीं सपा, बसपा एवं कांग्रेस के लिए निराशाजनक साबित हुआ। राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने एक साथ कई रिकार्ड बनाये। भाजपा ने दोबारा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। उत्तर प्रदेश में ऐसा अवसर 37 साल बाद आया जब सत्तारूढ़ पार्टी की सरकार रिपीट हुई। विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद सपा का गढ़ मानी जाने वाली आजमगढ़ लोकसभा और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर एक बड़ा संदेश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के लिए उपयोगी साबित हुए। योगी के नेतृत्व में हुए चुनाव में भाजपा को बहुमत मिला। इससे योगी का कद भी बढ़ा। क्योंकि उत्तर में जीत के पीछे मोदी के बाद योगी का अहम योगदान रहा। योगी पांच साल का शानदार कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बने। उत्तर प्रदेश में भाजपा शासनकाल में पहली बार ऐसा हुआ जब पांच साल तक एक व्यक्ति ही मुख्यमंत्री रहा। उत्तर प्रदेश में भाजपा की 1997 से 2022 तक सरकार रही लेकिन इन पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बदले गये।

भूपेन्द्र चौधरी और धर्मपाल ने संभाली कमान

भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने अगस्त 2022 में उत्तर प्रदेश से जुड़ी दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पार्टी ने अगस्त में ही धर्मपाल सिंह को भाजपा का प्रदेश संगठन मंत्री और भूपेन्द्र सिंह चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इन दोनों नेताओं पर लोकसभा चुनाव 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन की जिम्मेदारी है। पहली बार पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री दोनों का चयन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से किया है। संगठन मंत्री का पद संगठनात्मक दृष्टि में भाजपा में सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। आमतौर पर भाजपा में संगठन मंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भेजे जाते हैं। उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री धर्मपाल इससे पहले झारखंड के संगठन मंत्री थे। वह उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री भी रहे हैं। उत्तर प्रदेश की हर नब्ज से वह वाकिफ हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर पश्चिम से जाट नेता भूपेन्द्र सिंह चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने एक तीर से दो निशाना साधा। भूपेन्द्र सिंह संगठन के पुराने कार्यकर्ता के अलावा पश्चिम से और जाट बिरादरी से आते हैं। उनको प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने पश्चिम की जाट राजनीति को साधने का काम किया है।

 

 

 

सुनील बंसल की हुई विदाई

लम्बे समय तक भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री रहे सुनील बंसल की उत्तर प्रदेश से विदाई भी इस वर्ष चर्चा का प्रमुख विषय रही। भाजपा ने सुनील बंसल को अगस्त 2022 में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया। लोकसभा चुनाव 2014 के बाद सुनील बंसल को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बंसल ने संगठन मंत्री रहते हुए प्रदेश के साथ-साथ जिलों में पार्टी के भीतर गुटबाजी पर अंकुश लगाने का काम किया। हालांकि पिछले कार्यकाल में प्रदेश संगठन मंत्री बंसल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के बीच मनमुटाव की खबरें भी आईं। दोबारा सरकार आने के बाद स्थिति यहां तक पहुंच गयी कि दोनों के बीच बातचीत भी बंद हो गयी। शीर्ष नेतृत्व ने अंततः बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाकर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना का प्रभार सौंप दिया।

आजमगढ़ सीट पर भाजपा का परचम

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। सपा ने यहां से धर्मेन्द्र यादव को मैदान में उतारा। चुनाव में भाजपा ने यह सीट सपा से छीन ली और दिनेश लाल यादव निरहुआ यहां सांसद चुने गये। भाजपा के लिए यहां की जीत संजीवनी के समान रही। इसका संदेश प्रदेशभर में गया क्योंकि विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी विधानसभा सीटों पर सपा ने परचम फहराया था।

रामपुर में पहली बार जीती भाजपा

अभी हाल ही में मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव और रामपुर एवं खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए। मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई थी। मैनपुरी और खतौली सीट पर भाजपा हार गई लेकिन रामपुर सीट जीतने में सफल रही। रामपुर विधानसभा में पहली बार भाजपा ने विजय हासिल की। यह विजय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से पहली बार हिन्दू विधायक निर्वाचित हुआ। दूसरी सबसे बड़ी उपलब्धि भाजपा के लिए यह रही कि आजम की सियासत पर ग्रहण लग गया। रामपुर सीट जीतने के लिए आजम ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। रामपुर सीट पर सपा प्रत्याशी आसिम रजा को हराकर भाजपा प्रत्याशी के रूप में आकाश सक्सेना विजयी हुए।

 

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए चुनाव में सुशासन को लेकर जनता ने दोबारा भाजपा पर भरोसा जताया और पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार रोजगार, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही है। कोरोना रोधी वैक्सीन को लेकर जिस प्रकार भाजपा सरकार में काम हुआ, जनता उसकी प्रशंसा कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com