देहात क्षेत्र में मंगलवार रात बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को गोली मार दी। इसके बाद होमगार्ड और सिपाही की रायफल लूटकर फरार हो गए। होमगार्ड संजय को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार रात सवा 11 बजे होमगार्ड संजय और सिपाही संसार सिंह बिड़ौली-चौसाना मार्ग स्थित कमालपुर चौकी पर तैनात थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह लोग आए।
सिपाही और होमगार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी। कंधे में गोली लगने से होमगार्ड घायल हो गया। इसके बाद बदमाश होमगार्ड और सिपाही से दो रायफल लूटकर फरार हो गए। सिपाही संसार सिंह ने कंट्रोल रूम को सूचित किया।
एसपी दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। होमगार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी का कहना है कि बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। हरियाणा बार्डर की घेराबंदी कर ली गई है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal