बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का दिल्ली प्रदेश कार्यालय में किया गया अभिनंदन

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा द्वारा बिहार के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का प्रदेश कार्यालय में स्वागत किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मीनाक्षी लेखी एवं मनोज तिवारी सहित कई नेता उपस्थित रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दोनों उपमुख्यमंत्री एवं गिरिराज सिंह का अभिनंदन करते हुए कहा कि पहले दिल्ली के अंदर सांसद मनोज तिवारी के रूप में पूर्वांचल की सिर्फ एक ही आवाज गूंजा करती थी और अब तीन-तीन आवाज गूंजेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार एक ऐसे मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है जो सिर्फ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और उसे दिल्ली की सत्ता से उखाड़ने के लिए और उसके झूठ का पर्दाफाश करने के लिए संकल्पित है।

सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं कि भाजपा में शामिल होते ही उनके सारे गुनाह माफ हो जाएंगे, इसका साफ अर्थ है कि केजरीवाल अपने ही बयान में इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि उन्होंने गुनाह किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शराब के दलालों को पार्टी में नहीं लेती और 2025 में दिल्ली की सत्ता से अरविंद केजरीवाल को जरूर दिल्ली की जनता उखाड़ फेंकेगी, इसका हमें पूरा विश्वास है। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि बिहार में जो जनादेश था उसी के अनुसार एक बार फिर सरकार बनी है और उस सरकार के दो गणमान्य आज हम सभी के बीच उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बड़ी आबादी में पूर्वांचल से लोग आकर काम कर रहे हैं और हम सभी पूर्वांचलवासी आज भी अपने आप पर गर्व करते हैं क्योंकि हम उस जगह से आते हैं जहां से कई इतिहास जुड़ा हुआ है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि 1990 और 2005 के बीच भाजपा ने बिहार में संघर्ष किया और बिहारवासियों को जंगलराज से निकालने के लिए जो मेहनत की उसी का परिणाम है कि आज फिर बिहार में डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश कार्यालय में आए सभी पूर्वांचलवासियों का आभार व्यक्त करते हुए उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दिल्ली के अंदर एक ऐसा मुख्यमंत्री है जो लालू प्रसाद से भी आगे निकल गया है। लालू यादव ने तो चारा घोटाला किया और जब रेल मंत्री बने तो नौकरी के बदले जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री तो शराब माफिया निकले जो दिल्ली को शराब नगरी बनाने में लगे थे। चौधरी ने कहा कि भाजपा की सरकार जो वायदा करती है उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ती। वर्षों तक भगवान श्रीराम को लेकर संघर्ष किया गया लेकिन यह मोदी सरकार है जिन्होंने भगवान श्रीराम को मंदिर में स्थापित किया। भाजपा ने एक राष्ट्र, एक विधान और एक निशान का जो नारा दिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसे सत्यापित करके दिखाया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com