सूर्य की किरणों से सूर्यवंशी राम का तिलक देख हर सनातनी अभिभूत : योगी आदित्यनाथ

बुलंदशहर, मेरठ, गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिमी यूपी की तीन महत्वपूर्ण लोकसभा सीटों पर धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से प्रत्याशी डॉ महेश शर्मा, मेरठ लोकसभा सीट से प्रत्याशी अरुण गोविल और गाजियाबाद सीट से पार्टी प्रत्याशी अतुल गर्ग के पक्ष में चुनावी जनसभाएं कीं। इस दौरान उनके निशाने पर कांग्रेस, सपा और बसपा रही। वहीं उन्होंने कहा कि रामनवमी पर अयोध्या में श्रीराम के भव्य सूर्य तिलक को देख हर कोई अभिभूत रह गया। उन्होंने सवाल भी पूछा कि अगर कांग्रेस, सपा या बसपा की सरकार होती तो क्या अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन पाता। योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक रूप से तबाह हो रहे पाकिस्तान की दुर्दशा का भी जिक्र किया, कहा कि एक तरफ भारत 80 करोड़ लोगों को पिछले चार साल से मुफ्त राशन दे रहा है और अगले 5 साल तक देता रहेगा, वहीं 22 करोड़ की आबादी वाले पाकिस्तान में लोग भूखों मर रहे हैं।

आस्था, सुरक्षा व समृद्धि के लिए भाजपा आवश्यक

बुलंदशहर में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए आयोजित रैली के दौरान उन्होंने कहा कि आस्था, सुरक्षा व समृद्धि के लिए भाजपा आवश्यक है। सपा-बसपा व कांग्रेस के लोग कर्फ्यू वाले हैं। इनके राज में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था पर आज प्रदेश में कर्फ्यू नहीं है। दंगा कराकर यह लोग प्रदेश को अस्त-व्यस्त करते थे। यह दंगा पॉलिसी चलाते थे, हम विकास की पॉलिसी चलाते हैं। हमारी सरकार में सामान्य प्रदेशवासियों को ‘राम-राम’ और माफिया-अपराधियों के लिए ‘राम नाम सत्य’ की यात्रा के रास्ते खुले रहेंगे। सीएम योगी ने यहां गौतमबुद्ध नगर के सांसद व भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के वोट की अपील की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि आज हम सभी नए भारत में हैं। 2014 के चुनाव के साक्षी लोग जानते हैं कि उस समय कैसा भारत था। देश में आतंकवाद, नक्सलवाद, अलगाववाद सिर चढ़कर बोल रहा था। सभी संस्थाओं में भ्रष्टाचार चरम पर था। युवा निराश व किसान आत्महत्या कर रहा था।

आज पाकिस्तान भूखों मर रहा है

मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट के लिए किठौर में प्रचार की कमान संभालते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और पाकिस्तान एक साथ ब्रिटिश हुकूमत से आजाद हुए मगर आज पाकिस्तान भूखों मर रहा है और भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा है। पाकिस्तान की आबादी 22 करोड़ है, बंटवारे के समय उनके हिस्से उर्वरा भूमि गई, बावजूद इसके आज पाकिस्तान की जनता भूखों मर रही है। वहीं पाकिस्तान की आबादी से भी अधिक लोग भारत में पिछले 10 साल में गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं। सीएम योगी मेरठ के किठौर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अरुण गोविल के पक्ष में मतदान की अपील की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी के अगले दिन ही मेरा यहां आना हुआ है। जब अरुण गोविल रामायण सीरियल में भगवान राम का रोल अदा कर रहे थे और उसके माध्यम से कलियुग में भगवान राम के जीवन को चित्रित कर रहे थे, उस समय उन्हें भी नहीं पता कि एक दिन भगवान श्रीराम अपनी जन्मभूमि पर अपना जन्मदिन मनाएंगे। जिस साल मेरठ से अरुण गोविल प्रत्याशी बने, उसी साल 500 वर्षों के इंतजार के बाद श्रीराम अपना जन्मोत्सव मना रहे हैं।

वर्ष के अंत तक मेरठ सिटी में मेट्रो का कार्य प्रारंभ कर देंगे

पिलखुआ में गाजियाबाद लोकसभा सीट के लिए प्रचार की कमान संभालते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी पार 400 पार। यह नारा अकारण ही नहीं गूंज रहा है, बल्कि इसके पीछे देश के अंदर 10 वर्ष में हुआ परिवर्तन है। देश के परिवर्तन का कारण केवल नरेंद्र मोदी हैं। पाकिस्तान की जितनी आबादी है, भारत में उससे अधिक आबादी 10 वर्ष में गरीबी रेखा से मुक्त होकर खुशहाल जीवन यापन कर रही है। उन्होंने जनसभा कर गाजियाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिलखुआ के हस्तशिल्पियों व कारीगरों ने हैंडलूम के माध्यम से अपने हुनर का लोहा मनवाया। सीएम योगी ने कहा कि यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। दिल्ली से मेरठ के बीच 12 लेन का हाइवे बन चुका है। रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है। 2014 में मोदी जी आए थे तो देश के महज पांच शहरों में मेट्रो थी, आज देश के 20 और यूपी के छह शहरों (लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, कानपुर) में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। इस वर्ष के अंत तक मेरठ सिटी में मेट्रो का कार्य प्रारंभ कर देंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com